UP में चली तबादला एक्सप्रेस गाजियाबाद से लेकर नोएडा व यूपी के 6 IAS अफसरों की बदली तैनाती… देखें सूची

उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने शनिवार देर रात एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस तबादला सूची में मंडलायुक्त से लेकर मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त स्तर के अफसर शामिल हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप को आगरा मंडल का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं मऊ के मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर को नगर आयुक्त, फिरोजाबाद के साथ-साथ फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में उपसचिव के पद पर तैनात विवेक कुमार श्रीवास्तव को मऊ का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

गाजियाबाद की संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. पूजा गुप्ता को मथुरा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं रणवीर प्रसाद को आयुक्त, खाद्य एवं रसद, उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वह प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले विभाग के पद पर तैनात हैं।