– नगर निगम के चार जोन में 1-1 आरओ वाटर सेंटर की हुई शुरुआत
– मेयर एवं नगर आयुक्त ने निशुल्क जल सुविधा केन्द्रों का किया लोकार्पण
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा वसुंधरा, मोहन नगर, सिटी जोन एवं विजय नगर ज़ोन में नि: शुल्क आरओ जल सुविधा केंद्र का लोकार्पण मेयर आशा शर्मा द्वारा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मेयर का पुष्प देकर स्वागत किया गया। स्थानीय पार्षद विनोद कसाना, पार्षद नीलम भारद्वाज, पार्षद संत राम यादव, पार्षद मरगूब, पार्षद पति आरिफ मालिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
गर्मी के मौसम में नगर निगम ने शहर के लोगों को शुद्ध आरओ के ठंडे पानी की सुविधा देने के लिए पूर्व में ही प्लानिंग कर ली थी, जिसका शुक्रवार को फीता काट कर 4 जोन के भोपुरा गांव, वैशाली मेट्रो स्टेशन, नए बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन, प्रताप विहार रेड लाइट पर लोकार्पण मेयर ने किया है। गर्मी के मौसम में सड़क पर चलने वाले राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम नेेेे यह कवायद की है, सबसे पहले आरडीसी को चुना गया और उसका लोकार्पण कुछ दिन पहले प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा कराया गया। यह स्थान शहर के मुख्य चौराहों पर, स्टेशन पर बस स्टेशन पर एवं ऐसे स्थानों पर है जहां पर दिन में लाखों लोगों की आवाजाही होती है।
नौकरी करने वाले, व्यवसाय करने वाले, गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले एवं शहर से बाहर आने वाले हजारो लाखो लोगों को शुद्ध आरओ का ठंडे पानी देने के लिए यह जल सुविधा केंद्र बनाया गया है। इस आरओ प्लांट में 250 लीटर प्रति घंटा की क्षमता का आरओ लगाया गया है, जिससे हर समय पानी की उपलब्धता रहे। साथ ही खराब पानी एवं आरओ से निकलने वाले पानी को वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के माध्यम से रिसाइकल किया जाएगा। यह सुविधा नगर निगम द्वारा पहली बार दी गयी है। यह जल सुविधा केंद्र एक पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर है, हर जोन में एक-एक सेंटर बनाया गया है। मेयर ने बताया कि यह नगर निगम की एक अच्छी पहल है।
हर एक शहरवासी को शुद्ध पानी देने की निगम की जिम्मेदारी भी है, जिसको आज जल सुविधा केंद्र के रूप में नगर निगम ने स्थापित किया है और अधिकारी एवं पार्षद सब साथ मिलकर शहर के लिए अच्छा कार्य कर रहे हैं, जिसके आज अच्छे परिणाम भी शहर को मिल रहे हैं। शहर के मुख्य स्थानों पर पीने योग्य शुद्ध जल देने की काफी इच्छा थी। शहरवासियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को जगह-जगह शुद्ध जल मिल सके ताकि शहर गाजियाबाद की एक अच्छी तस्वीर लोगों के मन मे बन सके और वह अपने शहरों में भी इसी प्रकार शुद्ध आरओ जल सुविधा केंद्र बनाने की उम्मीद लेकर जा सकें। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा बताया गया कि चारों ज़ोन में भी पहली बार ठंडे आरओ पानी की सुविधा नगर निगम ने दी है ताकि आने जाने-वाले लोगों को गर्मी के मौसम में पानी के लिए परेशान ना होना पड़े। प्लांट से निकलने वाले पानी का भी रिसाइकल किया जाएगा ताकि पानी की बर्बादी ना हो सके।















