ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नागरिकों को तोहफा

अब ऑनलाइन मिल सकेगी महत्वपूर्ण जानकारी
जीआईएस पोर्टल तथा मैकेनिकल स्वीपिंग प्रक्रिया लाइव

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डाटा डिसीजन मेकिंग के अंतर्गत अपने आवंटियों तथा नागरिकों को नई सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जीआईएस पोर्टल तथा मैकेनिकल स्वीपिंग आदि की प्रक्रिया एवं कार्रवाई को नागरिकों के लिए लाइव कर दिया गया है। अब कोई भी आवंटी इन सुविधाओं की जानकारी के लिए ग्रेनो प्राधिकरण की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडॉटग्रेटरनोएडा अथॉरिटीडॉटइन पर जाकर वन मैप ग्रेटर नोएडा बीटा वर्जन पर क्लिक कर सिटीजन डोमेन पर जाकर संबंधित सूचना प्राप्त कर सकता है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीआईएस पोर्टल पर विभिन्न मॉड्यूल उपलब्ध हैं, जिनमें लेयर लिस्ट, बुक मार्क, बेस मैप, नीयर बाई फैसिलिटी, प्लॉट्स, फीडबैक, यूटिलीटिज व मैकेनिकल इत्यादि शामिल हैं। वन मैप ग्रेटर नोएडा बीटा वर्जन के जरिए मास्टर प्लान, सेक्टर-ले-आउट, इंफ्रास्ट्रक्चर, यूटिलीटिज, सीवर, ड्रेन, पैच रिपेयर वर्क, स्ट्रीट लाइट, मोबाइल टावर, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क आदि के संबंध में आॅनलाइन जानकारी मिल सकेगी। इसके अंतर्गत ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के नागरिक, निवेशक तथा विजीटर्स भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे कि उनके आस-पास के क्षेत्र में पार्क, मेडिकल स्टोर, डस्टबिन, पब्लिक टॉयलेट्स, मार्केट, साप्ताहिक बाजार, अस्पताल, पुलिस स्टेशन, डाकघर, मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थल, श्मशान घाट आदि कहां पर हैं। इस सुविधा के जरिए संबंधित सेक्टर का नागरिक अपने सेक्टर में सीवर, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सड़क आदि से संबंधित समस्याओं के संबंध में पोर्टल पर फीडबैक के माध्यम से प्राधिकरण को जानकारी दे सकेगा। जिससे प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता, समस्याओं का निस्तारण एवं अनुश्रवण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित हो सकेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने व्हीकल ट्रैकिंग को भी आॅनलाइन कर दिया है। नागरिकों को ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में जारी मैकेनिकट स्वीपिंग की जानकारी एवं संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी, जबावदेह बनाने के आशय से मैकेनिकल स्वीपिंग प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। इसके तहत संबंधित वाहन द्वारा किस सेक्टर में किस गति से कितनी अवधि तक सफाई का कार्य किया गया है, निर्धारित शेडयूल के अनुसार कार्य किया गया है अथवा नहीं, यह सब पता चल सकेगा। नागरिक ऑनलाइन यह देख सकते हैं कि उनके क्षेत्र में किसी नंबर का वाहन मैकेनिकल स्वीपिंग का कार्य कर रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का कहना है कि नई सुविधाओं का नागरिकों को काफी लाभ मिलेगा।