प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास

कार्यक्रम स्थल का चयन, आवश्यक तैयारियां शुरू

ग्रेटर नोएडा। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास जल्द होने की उम्मीद है। इसके लिए कवायद तेज हो गई है। कार्यक्रम स्थल का चयन करने के लिए सरकारी तंत्र सक्रिय हो गया है। इसके मद्देनजर पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह व जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। विधायक सिंह का कहना है कि इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट का शिलान्यास शीघ्र होने की प्रबल संभावना है।

जेवर एयरपोर्ट से संबंधित सभी कागजी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। प्रोजेक्ट का मास्टर प्लान भी तैयार है। टर्मिनल का डिजाइन फाइनल हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास कराने की तैयारी चल रही है। शिलान्यास कार्यक्रम जेवर में एयरपोर्ट साइट पर कराने की प्लानिंग है। इसके चलते पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह व जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मौके का दौरा किया। रन्हेरा पुलिस चौकी के पास जेवर एयरपोर्ट की साइट देखी गई। विधायक धीरेंद्र सिंह ने जेवर-झाझर मार्ग के पास रन्हेरा चौकी के समीप रन्हेरा गांव की भूमि पर कार्यक्रम रखने का सुझाव दिया। इस सुझाव को उचित मानकर तैयारी शुरू कर दी गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है।

22 अगस्त के आस-पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास कर सकते हैं। जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ मेडिकल डिवाइस पार्क को भी हरी झंडी देने की योजना है। सेक्टर-28 में प्रस्तावित इस परियोजना को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह और यीडा सीईओ अरुणवीर सिंह ने इसकी भी साइट देखी है। कुल 350 एकड़ में प्रस्तावित मेडिकल डिवाइस पार्क के पहले चरण में 210 एकड़ क्षेत्र का उपयोग किया जाएगा। इसमें भूखंड के साथ शेड भी होंगे। 2000 वर्ग मीटर से लेकर 10 हजार वर्ग मीटर तक के आकार के भूखंड होंगे। यीडा ने इस प्रोजेक्ट के लिए आईआईटी कानपुर को नॉलेज पार्टनर बनाया है। निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार, यीडा के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, एसडीएम जेवर रजनीकांत मिश्र आदि भी मौजूद रहे।