जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष के पति पर एफआईआर

गाजियाबाद। जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी मावी के पति पवन मावी के विरूद्ध दिल्ली के बिल्डर को फोन पर धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना साहिबाबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर निवासी बिल्डर संजय ने पवन मावी पर घर में घुसकर गोली मारने और 2 दिन में हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बिल्डर ने इस संबंध में पुलिस को साक्ष्य देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीला मोड़ थानाक्षेत्र के गांव अफजलपुर निवासी संजय राजेंद्र नगर में सपरिवार रहते हैं। वह दिल्ली के छतरपुर में फ्लैट बनाकर बेचते हैं। अफजलपुर गांव में संजय का वेयर हाउस है। इसकी देखरेख उनके चाचा महेंद्र पाल करते हैं। आरोप है कि पवन मावी ने गत 12 जनवरी को वेयर हाउस को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की थी। वीरवार की सुबह करीब 11:51 बजे संजय ने पवन मावी को कॉल की और शिकायत करने के बारे में पूछा। संजय का आरोप है कि पवन मावी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पवन ने कहा कि उसका काम गोली चलाना ही है। जिला प्रशासन भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उधर, एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि पीडि़त की तहरीर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पवन मावी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऑडियो में गोली मारने की धमकी दी गई है। पवन मावी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी सिटी ने पुलिस टीम को संजय के घर भेजा। बताया गया कि संजय का चचेरा भाई पंचायत चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहा है। इससे पवन मावी उनसे खुन्नस रखता है।