उपाध्यक्ष ने मातहतों को दिए कार्रवाई के निर्देश
गाजियाबाद। जीडीए अब अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज करेगा। बगैर नक्शा पास कराए और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए 1500 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने बताया कि जीडीए के सभी 8 जोन के प्रवर्तन प्रभारियों से अवैध निर्माण चिन्हित करने के बाद सूची मांगी गई थी। प्रवर्तन प्रभारियों ने सर्वे के बाद 1500 अवैध निर्माण चिन्हित किए हैं। इन अवैध निर्माण पर अब संबंधित आवंटियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने सचिव संतोष कुमार राय की मौजूदगी में जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं इन पर की गई कार्रवाई को लेकर प्रवर्तन प्रभारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। उपाध्यक्ष के समक्ष प्रवर्तन प्रभारियों ने अपने-अपने जोन क्षेत्र में अवैध निर्माण की सूची पेश की। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने सभी 8 जोन के प्रवर्तन का पूरा विवरण प्रस्तुत किया। समीक्षा में पाया गया कि सबसे अधिक अवैध निर्माण प्रतर्वन जोन-8 लोनी क्षेत्र में हैं, जबकि दूसरे नंबर पर प्रवर्तन जोन-3 और तीसरे नंबर पर प्रवर्तन जोन-4 विजय नगर और पुराने शहर में अवैध निर्माण हो रहे हैं। जीडीए उपाध्यक्ष ने इन अवैध निर्माण की प्रवर्तन प्रभारियों को साप्ताहिक रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जीडीए के प्रत्येक अनुभाग के कार्यों की उपाध्यक्ष समीक्षा कर रहे है। संपत्ति, अभियंत्रण से लेकर नियोजन और प्रवर्तन जोन की समीक्षा में पाया गया कि शहर में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाना जरूरी है। सर्वे में पाया गया कि आवासीय क्षेत्रों के साथ कृषि योग्य जमीनों पर अवैध रूप से कॉलोनी काटकर भूखंड काटने और मकान बनाए जा रहे हैं। जीडीए के सभी प्रवर्तन प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए।















