युवक की हत्या, टुकड़े-टुकड़े कर फेंका लाश
गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत डाबर तालाब क्षेत्र के एक नाले में पुरूष के शव का आध टुकड़ा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि 20 से 25 दिन पूर्व युवक की हत्या कर युवक के टुकड़े किए होंगे और इन टुकड़ों को यहां ठिकाने लगाया है। पुलिस ने शव के बाकी हिस्से की भी तलाश कर रही है।
लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब सवा 11 बजे प्लास्टिक के बोरे में शव मिलने की सूचना आई थी। इस सूचना पर वह खुद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाले से बोरे को बाहर निकालवाया। उस समय बोरे से शव की टांगें बाहर दिख रही थीं। 
बोरा खुलवाने पर उसमें से एक युवक के सीने से नीचे का हिस्सा मिला। तत्काल मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई और शव के इस हिस्से को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि शव को देखकर ऐसा लग रहा है कि इसकी हत्या 20 से 25 दिन पहले हुई होगी। उन्होंने बताया कि हत्या कहीं और हुई है और बदमाशों ने शव के टुकड़े कर अलग अलग स्थानों पर ठिकाने लगाए हैं। अभी तक इस शव का एक ही हिस्सा मिला है, इसलिए बाकी हिस्सों की आसपास के इलाकों में तलाश कराई जा रही है।जिस तरह से शव को काटा गया। वह निश्चित रूप से किसी बड़े और धारदार हथियार से इसे काटा गया होगा। आशंका है कि शव को टुकड़े-टुकड़े करने के लिए लकड़ी काटने वाली आरी का इस्तेमाल किया गया है। एसपी ने बताया कि जहां शव मिला है, वह दिल्ली से लगता हुआ इलाका है, इसलिए यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या की वारदात को दिल्ली में अंजाम दिया गया होगा और शव को यहां ठिकाने लगाया गया हैं।पुलिस हालांकि शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। जिले के सभी थानों में पुलिस के अलावा दिल्ली के सीमावर्ती थानों को सूचना दे दी हैं।
















