पीड़िता के पति ने आत्मदाह का प्रयास किया
चंडीगढ़। हरियाणा में रेप केस में फंसे पूर्व विधायक पर कानूनी कार्रवाई न होने पर विवाद बढ़ गया है। पीड़िता के पति ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इस बीच हरकत में आई पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति को संभाला। इसके चलते वहां काफी देर तक अफरा-तफरी का आलम रहा। हरियाणा के जनपद कैथल के गुहला से भाजपा के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर पर पूर्व सैनिक ने पत्नी ने बलात्कार का आरोप लगाया था। पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के लिए पीड़िता ने शहीद उधम सिंह चौक पर सपरिवार धरना दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्याय न मिलने से नाराज महिला के पति पूर्व सैनिक ने खुद पर तेल छिड़क कर आत्मदाह करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने पूर्व सैनिक के हाथ से मिट्टी के तेल की केन और माचिस छीन ली। पूर्व सैनिक ने पुलिस के कब्जे से छूटने का प्रयास किया, मगर वह सफल नहीं हो पाया। बाद में पुलिस ने रेप पीड़िता के पति की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। नोट में आत्महत्या के लिए पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर व जिला प्रशासन को जिम्मेवार ठहराया गया है। बाद में पुलिस ने पूर्व सैनिक को समझा-बुझाकर शांत कराया। घटना की सूचना पाकर चीका थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार से इस प्रकार का कदम न उठाने की अपील की। पुलिस व आस-पास के नागरिकों द्वारा समझाने के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य शांत हो गए। उधर, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने के मकसद से ऐसा घिनौना कार्य कराया जा रहा है। उन पर लगाए आरोप निराधार हैं। जबकि मामला पैसों के लेन-देन का था। रुपए वापस देने को कहा तो उन्होंने झूठे आरोप मढ़ दिए।















