सावधान ! राकेश टिकैत की फर्जी फेसबुक आईडी

कवर पेज पर पोर्न स्टार और पॉप सिंगर की फोटो

गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। फर्जी आईडी के जरिए फेसबुक यूजर्स को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जाने के बाद इसकी जानकारी मिल पाई है। राकेश टिकैत की फर्जी फेसबुक आईडी के कवर पर पोर्न स्टार मिया खलीफा और अमेरिकी पॉप सिंगर रिहाना का फोटो लगा है। भाकियू ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर पर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन का नेतृत्व भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत कर रहे हैं। पिछले कुछ समय में टिकैत की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। इस बीच किसी ने राकेश टिकैत की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने भी शुरू कर दिए हैं। फर्जी आईडी की लोकेशन पंजाब के लुधियाना की मिल रही है। भाकियू ने इसके स्नैप शॉट लेकर पुलिस से शिकायत कर आरोपी के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले की लोकेशन निरंतर लुधियाना में मिल रही है। बताया गया है कि राकेश टिकैत की फर्जी फेसबुक आईडी के कवर पर नामचीन पोर्न स्टार मिया खलीफा व अमेरिकी पॉप सिंगर रिहाना का फोटो लगा है। इस आईडी पर पंजाबी विवि से टिकैत की शिक्षा व लुधियाना में निवास बताया गया है। उधर, भाकियू नेता राकेश टिकैत ने इस बावत ट्विटर को भी पत्र लिखा है। पत्र में ट्विटर हैंडल को सत्यापित करने की मांग की गई है। उन्होंने ट्विटर को टैग कर ट्वीट में लिखा है कि ट्विटर इंडिया और वेरिफाइड तत्काल आपसे निवेदन है कि मेरे आधिकारिक ट्विटर हैंडल और भारतीय किसान यूनियन के आधिकारिक हैंडल को सत्यापित कीजिए। वहीं, पुलिस ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।