अपराधों का खुलासा करने में पुलिस चुस्त, वारदातों को रोकने सुस्त

गाजियाबाद। जनपद में आपराधिक घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे जनता में दहशत बढ़ रही है। लूट, हत्या, चोरी व साइबर अपराध में एकाएक वृद्धि हुई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी का दावा है कि पूर्व के वर्षों के सापेक्ष जिले में अपराध कम हुए हंै। जिले में कई ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, मगर बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। खास बात यह है कि जिले की पुलिस अपराध होने के बाद खुलासा करने पर ज्यादा चुस्त दिखाई देती है। जबकि अपराध रोकने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पहले कार्रवाई नहीं कर रही है। मसूरी थाना क्षेत्र के सरस्वती विहार में महिला, युवती और बच्ची की हत्या के बाद नंदग्राम थाना क्षेत्र में गन प्वाइंट पर 3 बदमाश ज्वेलर से 25 लाख के जेवर लूटकर फरार हो गए। कौशांबी थाना क्षेत्र में छात्र की हत्या कर दी गई। इनमें 2 घटनाओं में आरोपी गिरफ्तार किए गए, मगर अपराध निरंतर बढ़ रहे है। नंदग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्वेलर से बदमाशों ने लूटपाट के बाद 4 राउंड हवाई फायरिंग की थी। घूकना स्थित त्यागी मार्केट में राजीव सिसोदिया की अमित ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे राजीव सिसोदिया व उनके भाई टीनू सिसोदिया स्कूटी पर सवार होकर दुकान से जेवर लेकर घर जा रहे थे। घर से कुछ दूर पहले बाइक पर सवार होकर आए तीन लुटेरों ने ओवरटेक कर स्कूटी रोकी और पिस्टल व तमंचा दिखाकर सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग लूट लिया। बैग में 250 ग्राम सोने व 13 किलो चांदी के जेवर थे। लूटे गए गहनों की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई। एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, सीओ सेकेंंड अवनीश कुमार और नंदग्राम थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मौके पर पहुंंचे, मगर लूट की घटना को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई।