चौकी प्रभारी से पार्षद को जान का खतरा, एसएसपी से करेंगे शिकायत
गाजियाबाद। यूपी गेट चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय द्वारा अभ्रदता किए जाने से क्षुब्ध होकर भाजपा पार्षद मनोज गोयल, भाजपा नेता अवधेश कटियार और शुभम सिंह कौशांबी थाने पर धरने पर बैठ गए। पार्षद ने दरोगा से जान का खतरा बताकर मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी से करने की बात की है। आरोप है कि चौकी इंचार्ज की गतिविधियां संदिग्ध हैं। उनके पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं। भाजपा पार्षद मनोज गोयल ने बताया कि 3 दिन पहले पड़ोस की 2 महिलाओं के बीच किसी बात पर मामूली झगड़ा हो गया था। ऐसे में एक महिला ने दूसरी महिला के साथ मारपीट कर दी थी। जिस महिला के साथ मारपीट की गई, वह केवल पति के साथ रहती हैं। जबकि उनका बेटा परिवार के साथ अमेरिका में है। विवाद की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर आई। चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय ने झगड़े की सीसीटीवी फुटेज देखी। इसके बावजूद दरोगा ने आरोपी महिला की पैरवी की। इसकी जानकारी मिलने पर वह साथी 2 भाजपा नेताओं के साथ चौकी पर पहुंचे और पड़ोसी महिलाओं का हवाला देकर मामले में समझौता करा देने की बात कही। पार्षद का आरोप है कि इस पर दरोगा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और चौकी से भाग जाने के लिए कहा, जिससे क्षुब्ध होकर पार्षद कौशांबी थाने पहुंचे और थाना प्रभारी से दरोगा की शिकायत की। दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बाद में उन्हें थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिस पर वह 20 मिनट बाद धरने से उठ गए। पार्षद का कहना है कि मामले को 3 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपी दरोगा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि दरोगा की शुरू से ही संदिग्ध गतिविधियां हैं और उनके पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं। वह अब एसएसपी से चौकी इंचार्ज की शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। भाजपा पार्षद का कहना है कि चौकी प्रभारी के रवैया से उन्होंने विधायक सुनील शर्मा को भी अवगत कराया है। उनका यह भी कहना है कि चौकी प्रभारी उन्हें किसी झूठे मामले में फंसा कर जेल भेज सकता है।
















