भाजपा नेता की जांच कराएंगे विधायक सुनील शर्मा

रेजीडेंट्स की शिकायत पर सुनील शर्मा का आश्वासन

गाजियाबाद। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने तथाकथित भाजपा नेता विजय भारद्वाज की पार्टी स्तर से जांच कराने का भरोसा दिया है। आरोप है कि केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के दिग्गज नेताओं का रौब दिखाकर विजय भारद्वाज जीडीए और पुलिस-प्रशासन के ज़रिए नागरिकों को परेशान कर रहे हैं। वैशाली सेक्टर-9 स्थित सुपरेटक एस्टेट में सोमवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुनील शर्मा ने यह भरोसा दिया है। सोसाइटी रेजीडेंट्स के आग्रह पर समस्याएं सुनने आए विधायक सुनील शर्मा ने स्पष्ट किया कि विजय भारद्वाज भाजपा संगठन में किसी भी पद पर नहीं हैं और ना उन्हें संगठन के किसी पदाधिकारी का समर्थन प्राप्त है। विधायक शर्मा ने कहा कि मेरे कार्यालय से भी विजय भारद्वाज को किसी प्रकार की शह नहीं मिली है। सुपरटेक एस्टेट की आरडब्ल्यूए की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि विजय भारद्वाज खुद को भाजपा का बड़ा नेता और भारतीय जनता पार्टी के अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान नामक संगठन का मुखिया भी बताते हैं। इसी संगठन के लैटर हेड पर उन्होंने जीडीए व अग्निशमन आदि विभागों को पत्र लिख-लिख कर एवं खुद और कई अन्य नागरिकों से फोन कराकर दबाब बनाकर सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, जिम, स्पोट्र्स क्लब, कम्युनिटी हॉल और मेंटेनेंस कार्यालय तक सील करा दिया है। बिल्डिंग में बुनियादी जरूरत का सामान खरीदने के लिए खुली एकमात्र दुकान तक सील करा दी गई। हालांकि दुकान अब खुल गई है। सुपरटेक एस्टेट की आरडब्ल्यूए की तरफ से विधायक सुनील शर्मा को ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई। साथ खुद को भाजपा नेता बताने वाले विजय भारद्वाज की तरफ से लिखे गए कुछ पत्र दिखाकर जानना चाहा कि क्या विजय भारद्वाज वाक़ई में भाजपा में किसी बड़े पद पर हैं ? अगर वह भाजपा के बड़े नेता हैं तो फिर उस सोसाइटी में जहां 90 प्रतिशत नागरिक भाजपा को वोट देते हैं, वह इन नागरिकों को परेशान क्यूं कर रहे हैं। सारी बातें सुनने के बाद विधायक सुनील शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि विजय भारद्वाज गाजियाबाद के भाजपा संगठन में किसी भी पद पर नहीं है। ना तो भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और ना उनके कार्यालय की ओर से इस नाम के किसी व्यक्ति को जनविरोधी काम के समर्थन का भरोसा दिया जाता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने कार्यालय में किसी को भी शिकायत करने से नहीं रोक सकते, मगर पार्टी को बदनाम करने वाले और आम जनता को परेशान करने वाले का समर्थन वे नहीं कर सकते। रेजीडेंट्स ने विधायक सुनील शर्मा को बताया कि विजय भारद्वाज ने आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ-साथ कई महिलाओं के खिलाफ भी झूठी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई हैं। इससे पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। इस मामले में भी विधायक शर्मा ने रेजीडेंट्स को भरोसा दिलाया कि बेवजह पुलिस उन्हें परेशान नहीं करेगी। वहीं, भाजपा से जुड़े होने पर विवाद होने के बाद विजय भारद्वाज ने भाजपा में ज्वाइनिंग होने के साक्ष्य के तौर पर भाजपा के स्वच्छ भारत अभियान से जुडऩे का अपना नियुक्ति पत्र सोशल मीडिया के ज़रिए सोसाइटी के नागरिकों को भेजा है। नियुक्ति पत्र में नाम विजय भारद्वाज की जगह विजय कुमार लिखा है। साथ भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होने के साक्ष्य के तौर पर कुछ फोटो भी शेयर किए हैं।