– करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष के बड़े बेटे की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत
– पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ ने गठित किया पैनल, वीडियो ग्राफी
गाजियाबाद। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह ‘अम्मूÓके बड़े बेटे अनिरूद्व राघव (32) ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंड क्रॉफ्ट सोसायटी के गोल्फ लिंक सोसायटी स्थित फ्लैट की है। वह भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय था। मौत से सभी हतप्रभ है।
मूलरूप से हापुड़ जनपद के पिलखुवा निवासी अनिरुद्ध राघव (32) पत्नी शालू के साथ लैंडक्रॉफ्ट सोसाइटी में फ्लैट में रहते थे। अनिरुद्ध तीन महीने पहले ही फ्लैट में शिफ्ट हुए थे। बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पंखे से लटके चुन्नी से अनिरूद्व राघव ने आत्महत्या कर ली। शालू ने अनिरुद्ध के पारिवारिक मित्र पिलखुवा निवासी नितिन को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद नितिन ने सभी परिवार वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। नितिन की सूचना पर गाजियाबाद में रहने वाले उनके मौसा मौके पर पहुंचे। मौसा ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर सीओ सेकेंड अवनीश कुमार सिंह, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिहं टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ सेकेंड अवनीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फ्लैट में रहने वाली उसकी पत्नी से पूछताछ की गई है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही हैं, जबकि अनिरुद्ध के परिजनों ने इस मौत के पीछे सवाल खड़े करते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। सीओ ने बताया कि अनिरूद्व की पत्नी शालू से पूछताछ की गई। चूंकि वह खुद बदहवासी की स्थिति में हैं, इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है। जांच में पता चला है कि अनिरुद्ध राघव पर काफी कर्ज था। वह कई दिनों से इस कर्ज के दबाव में थे। शव पर कोई चोट का निशान नही है। उन्होनेे बताया कि पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ ने पैनल गठित किया है। वीडियो ग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।
अनिरुद्ध के करीबी और करणी सेना में युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष शेखर चौहान ने बताया कि अनिरुद्ध 2 माह पहले ही लैंडक्रॉफ्ट सोसायटी में पत्नी शालू के साथ शिफ्ट हुए थे। उनकी पूरी पढ़ाई-लिखाई लंदन से हुई थी। भारत लौटने के बाद उन्होंने एक कंपनी भी बनाई और उसी को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने बताया कि रात डेढ़ बजे अनिरुद्ध की मौत की सूचना उन्हें मिली तो वह मौके पर पहुंचे। कमरे में बेड पर अनिरुद्ध का शव पड़ा था, उनके शरीर का आधा हिस्सा बेड से नीचे था। पत्नी शालू से बात की थी, लेकिन उन्होंने इस घटनाक्रम की जानकारी होने से ही मना कर दिया। पत्नी शालू का कहना है कि वह डिप्रेशन की दवा खाकर सो रही थीं। इसके बाद उसे पता नहीं रहा।
बता दें कि, अनिरुद्ध राघव करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू के बड़े बेटे थे। ‘अम्मूÓ हरियाणा में भाजपा प्रवक्ता रह चुके हैं। अनिरुद्ध के पिता सूरजपाल सिंह अम्मू और परिजन सोसायटी में पहुंचे। उनके आने के साथ ही शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू करा दी गई थी। इस दौरान सुध-बुध खो चुके सूरजपाल सिंह ‘अम्मूÓ ने मीडिया से बात करने से मना कर दिया। अनिरूद्व की मौतÓ का राज रहस्मय बना हुआ है। एक माह पहले 10 फरवरी को अनिरुद्ध की शादी की सालगिरह थी। उन्होंने फेसबुक पर पत्नी शालू की तस्वीर के साथ पोस्ट शेयर करते हुए हैप्पी मैरिज एनिवर्सरी लव लिखा था और दिल की इमोजी भी मैसेज के साथ जोड़कर शेयर की थी। इसके निधन ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ परिचितों-रिश्तेदारों को तोड़कर रख दिया है। करीबी रिश्तेदारों का कहना है कि अनिरुद्ध ऐसा कोई कदम उठा ही नहीं सकते थे। वह काफी मिलनसार व्यक्ति थे, वह अपनी खुशियों को इंटरनेट मीडिया पर साझा करते रहते थे। लोग दोनों की जोड़ी सलामत रहने की ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन एक माह बाद ही जब अनिरुद्ध की मौत की सूचना मिली तो सुनने वाले सन्न रहे गए। वहीं, कहा जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या हुई है? यह तो जांच के बाद सामने आएगा। इसमें यह भी सच है कि अगर वह पिछले महीने अपनी शादी की सालगिरह पर खुश थे तो पिछले एक महीने के दौरान कुछ घटा, जिसके बाद उनकी ‘मौतÓ हुई। फेसबुक पर अनिरुद्ध् के करीब तीन हजार फॉलोअर थे। वह खुद सकारात्मक सोच रखते थे और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए कहते थे। नामी कंपनी में सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर भी थे। अनिरुद्ध ने सेंट जैवियर स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद इंग्लैंड की लैनकास्टर यूनिवर्सिटी से बीबीए ऑनर्स की पढ़ाई की। इसी यूनिवर्सिटी से उन्होंने एमएससी इन मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की और इंडियाबुल्स कंपनी में सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर का पद संभाला था। करियर बनाने की कड़ी में स्मार्ट व्यू होटल्स एंड रिसॉट्र्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में वाइस प्रेजीडेंट रहे। इसके बाद एएसपीजी इंटरप्राइजेज कंपनी बनाई। खुद की क्लीनप्लस कंपनी के डायरेक्टर रहे। अनिरुद्ध को क्रिकेट काफी पंसद था। आइपीएल में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स की टीम उनकी पसंदीदा टीम थी।उन्होंने दो दिन पहले ही पिता सूरजपाल सिंह ‘अम्मूÓ की पोस्ट को शेयर कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बधाई दी थी।
















