विद्युत अभियंताओं ने मुख्यालय पर की बैठक, प्रबंधन को तत्काल हटाने की मांग
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के उच्च प्रबंधन की कार्यशैली से नाराज विद्युत अभियंताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर बैठक की। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर वर्तमान अदूरदर्शी एवं गैर तकनीकी ऊर्जा निगम प्रबंधन को तत्काल हटाने की मांग की गई। विद्युत अभियंता संघ के अध्यक्ष इं. वी.पी. सिंह एवं महासचिव इं. प्रभात सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा उपभोक्ताओं के हित में 1 मार्च से 15 मार्च तक के लिए ओटीएस योजना घोषित की गई है, परंतु 9 दिन पश्चात् भी संबंधित एमपावर पोर्टल कार्य नहीं कर रहा है, उसमें योजना के तमाम
तकनीकी आकड़ों को दर्ज करने की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे उपभोक्ताओं के रजिस्ट्रेशन कराने एवं बिल भुगतान में अत्यंत कठिनाई हो रही है। अधिकतर समय तक सर्वर डाउन रहता है। जबकि अभियंताओं द्वारा प्रेरित किए गए उपभोक्ता काफी समय तक लाइन में लगे रहने के पश्चात विभाग को कोसकर वापस चले जा रहे हैं। इन तमाम अव्यवस्थाओं की ओर प्रबंधन आंख मूंदे है एवं वीसी/समीक्षाओं में एकतरफा निर्देश देकर अभियंताओं को मात्र प्रताडि़त कर अपने दायित्वों की इतिश्री कर रहा है। इससे स्पष्ट है कि उपभोक्ता हित में सरकार द्वारा घोषित ओटीएस योजना को सफल बनाने में ऊर्जा निगम के उच्च प्रबंधन की कोई रूचि एवं प्राथमिकता नहीं है। जबकि कालांतर में प्रबन्धन द्वारा अपनी विफलता का ठीकरा अभियंताओं पर फोडकऱ उन्हें दंडित किए जाने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
इसी प्रकार गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति की तैयारी एवं राजस्व वसूली में लगे अभियंताओं को ऊर्जा निगम प्रबंधन वीसी, समीक्षाओं, स्पष्टीकरणों, प्रतिवेदनों व दंडात्मक कार्यवाहियों में उलझाए है जिससे अभियंताओं को धरातल पर कार्य करने हेतु समय नहीं मिल पा रहा है। प्रबंधन द्वारा विभाग एवं विभागीय अभियंताओं की जनता में छवि खराब किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऊर्जा निगमों का ऐसा कुप्रबंधन पहले कभी नहीं देखा गया है। विद्युत अभियंताओं ने बैठक कर विभाग एवं जनहित में वर्तमान प्रबंधन पर ठोस कार्यवाही किए जाने की मांग की है। गाजिय़ाबाद में आयोजित बैठक में मुख्यत: ई. पंकज, ई. सिद्धार्थ मिश्र, ई. आशीष अस्थाना, ई. सुनील कपूर, ई. वी के आर्या, ई. पीके सिंह, आलोक त्रिपाठी, ई. उमाकांत, ई. दीपक गुप्ता, ई. अरशद अली, ई. रजनीश, ई. सौरभ, ई. विशाल कंसल, अवधेश कुमार, सुशील पांडे, अमन नौटियाल, शशांक, प्रज्ञा, विनीता, विश्वास, इ महेश, अतुल, अंशुल, शिवनाथ व महावीर इत्यादि उपस्थित रहे।
















