व्यवस्थाओं को जांचा-परखा, जताया संतोष
गाजियाबाद। जिलाधिकारी ने बुधवार को थाना इंदिरापुरम और मोदीनगर तहसील का निरीक्षण किया। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इंदिरापुरम थाने के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया की माल मुकद्माती के जो प्रकरण न्यायिक प्रक्रिया से निर्णित हो चुके हैं, उनके संबंध में सीजेएम से अंतिम निर्णय प्राप्त कर निस्तारित करने की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। इसके अतिरिक्त पुलिस क्षेत्राधिकारी
अंशु जैन एवं थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि माल मुकदमाती में जब्त सामान एवं वाहनों के निस्तारण में अधिक समय लगने की संभावना पर माल मुकदमाती से संबंधित सामान का रख-रखाव के संबंध में सामान निस्तारण के पूर्व खराब न हो जाए को दृष्टिगत रखकर शासन को प्रकरण संदर्भित करें। डीएम ने बैरक का निरीक्षण किया। जिस पर सीओ ने अवगत कराया कि पर्याप्त जगह की कमी के कारण बैरक मानक के अनुसार नहीं है। जिस पर डीएम ने निर्देशित किया कि भूमि की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कराएं। महिलाओं से छेड़छाड़ आदि के संबंध में वादों पर
कड़ी कार्रवाई तीव्रता से कराएं। उधर, मोदीनगर तहसील कार्यालय में निरीक्षण के दौरान डीएम को फाइलों का रख-रखाव सही मिला। उन्होंने तहसील कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर डीएम ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह आगंतुक जनता को मास्क लगाने के लिए जागरूक करें। महिला हेल्प डेस्क का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए एवं तहसील परिसर में महिला हेल्प डेस्क संबंधित होर्डिंग्स लगवाई जाएं। उन्होंने समय-समय पर तहसील परिसर व कार्यालयों को सैनिटाइज, साफ-सफाई एवं
सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। कार्यालयों में रखे दस्तावेजों की जांच में जिलाधिकारी को कोई कमियां नहीं मिली। समस्त स्टाफ को दफ्तर में पत्रावलियों को सुव्यवस्थित तरीके से रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप-जिलाधिकारी मोदीनगर आदित्य प्रजापति को निर्देशित किया कि 10 बकायेदारों की अद्यतन स्थिति की सूची उनके समक्ष प्रस्तुत करें। सब रजिस्ट्रार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सब रजिस्ट्रार द्वारा निरीक्षण की बुकलेट उपलब्ध न कराए जाने पर उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि. एवं रा.) एवं अपर जिलाधिकारी (भू. आ.) को कार्यालय का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
















