पुलिस लाइन में बहुउदेशीय हॉल का शुभारंभ

चुनाव में सूचनाएं आदान-प्रदान के लिए सहायक बनेगा हॉल: एसएसपी

गाजियाबाद। आगामी पंचायत चुनाव में सूचनाएं आदान-प्रदान करने और पुलिस कर्मियों को विस्तार से जानकारी देने के लिए स्वर्गीय परमजीत बहुउदेशीय हॉल सहायक बनेगा। रविवार को हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बहुउदेशीय हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। एसएसपी ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर यहां पर पूरे जिले की सूचना आदान-प्रदान करने में यह हॉल सहायक बनेगा। वहीं,हॉल में सीसटीएनएस,चुनाव कार्यालय के अलावा सभागार और पुलिस फोर्स को ब्रीफ करने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाएगा। एसएसपी नैथानी ने एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा,एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, सीओ फस्र्ट अभय कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह आदि की मौजूदगी में उद्घाटन करते हुए कहा कि हॉल में एक ही स्थान पर कई कार्यालयों के साथ सूचनाएं मिल सकेगी। पुलिस लाइन में कार्यों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर साफ-सफाई रखने और खेलकूद,मनोरंजन कक्ष आदि को सुदृढ़ तरीके से रखने के निर्देश दिए।