देहरादून। भारत सरकार ने उत्तराखंड राज्य में बढ़ती आपदाओं को देखकर एनडीआरएफ की बटालियन को तैनात किया है। इस बटालियन का अभी प्रशिक्षण चल रहा है। 15वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट सुदेश कुमार दराल ने हाल ही में अपना कार्यभार संभाला है। कार्यभार संभालने के उपरांत उन्होंने प्रदेश का दौरा किया तथा देहरादून में मुख्यमंत्री कार्यालय में सीएम तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की। कमांडेंट ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के संभावित आपदाओं के संवेदनशील तथा अति संवेदनशील क्षेत्रों के बारे में अवगत कराया।
उन्होंने एनडीआरएफ बटालियन की तैनाती बटालियन मुख्यालय के स्थान तथा आरआरसी (रीजनल रिस्पांस सेंटर) उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून में जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया कि एनडीआरएफ की नई बटालियन के लिए तथा आरआरसी के लिए तत्काल जमीन उपलब्ध कराई जाएगी एवं जो भी प्रशासनिक मदद की आवश्यकता होगी वह तुरंत की जाएगी। कमांडेंट दराल ने बताया कि जैसे ही जमीन की उपलब्धता हो जाएगी तो आपदाओं के दृष्टिकोण से प्रदेश के सभी संवेदनशील तथा अति संवेदनशील स्थानों पर टीमों को तैनात किया जाएगा ताकि आने वाली आपदाओं में तुरंत राहत एवं बचाव का कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जागरूक कर उत्तराखंड को आपदा मुक्त करने के लिए एनडीआरएफ हमेशा प्रयासरत रहेगी।
















