-डीएम ने नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए एसएसपी को लिखा पत्र
-उप श्रमायुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों को साप्ताहिक बंदी का पालन कराने के निर्देश
गाजियाबाद। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है मगर खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। जनपद में कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने के लिए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने जनपद के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मंगलवार से होली पर्व तक कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन यथा मास्क न पहनने वालों तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले लोगों के विरूद्ध अभियान चलाकर चालान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हंै। जो लोग कोरोना से बचाव के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनपर सख्ती की जाए। प्रशासन की टीमों के साथ सिविल डिफेंस के वॉलंटियर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पाण्डेय ने प्रत्येक दिवस में चालान की कार्यवाही से अवगत कराने के भी निर्देश थानाध्यक्षों को दिए हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी ने उप श्रमायुक्त गाजियाबाद को पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया है कि वह जनपद के समस्त क्षेत्रों/बाजारों में साप्ताहिक बंदी का अनुपालन पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्टे्रट, सभी अपर नगर मजिस्टे्रट एवं सभी उप-जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में साप्ताहिक बंदी का अनुपालन सुनिश्चित कराएं तथा अनुपालन न करने वालों के विरूद्ध चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करेें। जानकारी हो कि जिले में लोगों के बीच अब कोरोना वायरस का डर पूरी तरह से खत्म होता जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों, मुख्यालय स्थित शॉपिग मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित चौक चौराहों पर बिना मास्क लगाए लोगों की भीड़ जमा हो रही है। कहीं भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। जिसे देखते हुए जिलाधिकारी ने कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए है।
















