नोएडा। 4 दिवसीय वर्चुअल एमिटी यूथ फेस्ट-2021 का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि केरल के गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान रहे। समारोह में गवर्नर खान ने नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भविष्य की नींव रखेगी। एमिटी यूथ फेस्ट वैश्विक सहभागिता का बेहतरीन उदाहरण है। छात्र जीवन का यह समय भविष्य के लिए शिक्षण कार्य करने और सीखने की नींव रखेगा। गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि देश में बहुविषयक शिक्षण और शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो विज्ञान में और अधिक सहभागिता को बढ़ावा देगा। प्रतियोगिता में 35 से ज्यादा देशों के लगभग 10 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समारोह में एमिटी विश्वविद्यालय, यूपी के चांसलर डॉ. अतुल चौहान, एमिटी विवि हरियाणा के चांसलर डॉ. असीम चौहान, एमिटी स्कूल आॅफ फिल्म एंड ड्रामा की चेयरपर्सन पूजा चौहान और एमिटी विवि उत्तर प्रदेश की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने एमिटी यूथ फेस्ट 2021 के विजेताओं के नामों की घोषणा की। डॉ. अतुल चौहान ने कहा कि राज्यपाल से मार्गदर्शन प्राप्त करना सभी के लिए सम्मान की बात है।
















