-जीडीए सभागार में फिर आयोजित की गई महत्वपूर्ण बैठक
गाजियाबाद। महायोजना-2031 के तहत मास्टर प्लान को अमलीजामा पहनाने की कवायद तेज हो गई है। मास्टर प्लान को अंतिम रूप देने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) निरंतर चर्चा कर सुझावों को आमंत्रित कर रहा है। विभिन्न सरकारी विभागों के अलावा जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से इस बारे में विचार-विमर्श कर सुझाव लिए गये। शनिवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) सभागार में जीडीए सचिव संतोष कुमार राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्रेडाई के बिल्डरों, व्यापार मंडल, ट्रांसपोर्टनगर, मोदीनगर व्यापार मंडल, मेरठ रोड, आर्किटेक्ट, ट्रांसपोर्ट नगर आदि कारोबारियों ने अपने-अपने सुझाव दिए।
महायोजना-2031 के मास्टर प्लान को लेकर आहूत की गई बैठक में बिल्डरों ने जहां राजनगर एक्सटेंशन में पार्क विकसित करने के अलावा ग्रीन बैल्ट पर कब्जे होने के चलते निगम सीमा में खत्म करने का सुझाव दिया। वहीं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के पास ट्रंासपोर्टनगर और लॉजिस्टिक पार्क बनाने के अलावा शहर में 8 कॉलोनियों में मल्टीपल यूनिट फ्लैट के अलावा अन्य कॉलोनियों में भी फ्लैट बनाने की बिल्डरों ने मांग रखी। बैठक में बिल्डरों, व्यापार मंडल समेत 50 से ज्यादा लोग उपस्थित रहे। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के बाहर होने के चलते जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने जीडीए सीएटीपी आशीष शिवपुरी, चीफ इंजीनियर विवेका नंद सिंह, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, ओएसडी सुशील कुमार चौबे, एनसीआर सेल के मुख्य नगर नियोजक एससी गौड़, चीफ कोर्डिनेटर आदि की मौजूदगी में बैठक की गई। 10 साल के लिए बनने वाले मास्टर प्लान का भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत योजना के तहत महायोजना-2031 का ज्योग्राफिकल आधारित सर्वे के आधार पर यह मास्टर प्लान बनाया जाएगा। जीडीए के सीएटीपी आशीष शिवपुरी ने बताया कि इस महायोजना-2031 के मास्टर प्लान पर केंद्र और प्रदेश सरकार का करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होगा। जबकि जीडीए का 50 लाख रुपए पर सर्वे पर खर्च होगा। हैदराबाद की कंपनी द्वारा यह मास्टर प्लान बनाया जा रहा हैं। इसमें 90 फीसदी सर्वे पूरा कर लिया गया। हैदराबाद की एनआरएसए कंपनी द्वारा मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। वर्तमान में गाजियाबाद, मोदीनगर, लोनी क्षेत्र को महायोजना-2031 की अवधि के लिए नई दिल्ली की डीडीएफ कंसलटेंट कंपनी द्वारा मुख्य नगर नियोजक एवं ग्राम नियोजक और जीडीए द्वारा संयुक्त रूप से तैयार कराया जा रहा हैं। जीडीए सभागार में हुई बैठक में महायोजना-2031 के मास्टर प्लान को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने सभी एसोसिएशन पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि उनके क्षेत्र के अन्य प्रस्तावों के संबंध में कोई सुझाव हो तो वह भी जीडीए अधिकारियों को एक सप्ताह में अवगत करा सकते है। ताकि इन सुझाव को महायोजना में शामिल किया जा सके। बैठक में गाजियाबाद बिल्डर एसोसिएशन अध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा, महामंत्री मनोज गोयल आदि व्यापारी उपस्थित रहे।














