– गाजियाबाद में 82150 स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा योजना का लाभ, अब तक 21712 वेंडरों का हुआ पंजीकरण
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। लॉकडाउन की वजह स प्रभावित हुए स्ट्रीट वेंडरों की मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किये गये पीएम स्वनिधि योजना के तहत पंजीकरण का काम तेज हो गया है। योजना के तहत गाजियाबाद में 82,150 स्ट्रीट वेंडरों को लाभ मिलेगा। इनमें से 21,712 वेंडरों का पंजीकरण हुआ है और अब तक 78 स्ट्रीट वेंडरों को योजना का लाभ भी मिल चुका है। योजना के तहत स्ट्रीट वेंडरों को आर्थिक मजबूती देते हुए 10-10 हजार रुपये का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।
शहरी क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को 1 साल के लिए 10 हजार रुपए तक का ब्याज मुक्त लोन मिलगा। लोन के लिए किसी तरह की गारंटी नहीं ली जाएगी। मासिक किस्तों में लोन का भुगतान करना है। इसमें 7 फीसदी सालाना ब्याज सब्सिडी है। इसकी भरपाई केंद्र एवं राज्य सरकारें मिलकर करेंगी। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आने से पहले 11662 वेंडरों का चयन कर पंजीकरण हुआ था जो कि अब बढ़कर 21712 हो गया है। इन सभी स्ट्रीट वेंडरों का पंजीकरण के साथ आईकार्ड भी जारी कर दिया गया है। 13 नेशनलाइज बैंक एवं दो स्मॉल फाइनैंस बैंक के माध्यम से इन स्ट्रीट वेंडरों को लोन देने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वेंडरों के पास वोटर कार्ड नहीं होने के कारण आॅनलाइन फार्म जमा करने में दिक्कतें आ रही है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि गाजियाबाद में 82,150 स्ट्रीट वेंडरों को योजना का लाभ मिलेगा। इनके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है।
















