पंचायत चुनाव और कोविड को लेकर प्रशासन सतर्क

-जिला संयुक्त अस्पताल का डीएम ने किया निरीक्षण

-अस्पताल में व्यवस्थाओं को दोबारा दुरूस्त करने के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बुधवार को जिला संयुक्त अस्पताल संजय नगर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी बैडों पर ऑक्सीजन की सप्लाई सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। ऑक्सीजन की उपलब्धता 24 घंटे सुनिश्चित रखने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने अस्पताल को पुन: कोविड एल-2 फैसिलिटी में परिवर्तित किए जाने के भी निर्देश दिए। कोरोना संक्रमण के केसों में पुन: वृद्धि होने लगी है। साथ जनपद में पंचायत चुनाव नजदीक होने के दृष्टिगत जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके चलते जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कोविड-19 के संबंध में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सीएमओ को निर्देशित किया गया कि धनात्मक रोगियों के कम से कम 25 संपर्कियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग सुनिश्चित की जाए व शत-प्रतिशत उनकी कोविड जांच की जाएं। जनपद मेें संचालित ट्रेनिंग सेंटरों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, विद्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों इत्यादि में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की कोविड जांच की जाए ताकि समय रहते कोविड के प्रसार को नियंत्रित किया जा सकें। एडीएम (सिटी) को निर्देशित किया गया कि भीड़-भाड वाले स्थानों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों इत्यादि पर पीए सिस्टम के माध्यम से कोविड एप्रोपिएट बिहेवियर बनाए रखे जाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। समीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेकर जिलाधिकारी सीधे जिला संयुक्त चिकित्सालय संजय नगर पहुंचे। जहां उन्होंने संयुक्त चिकित्सालय को कोविड एल-2 पुन: बनाए जाने के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा बताया गया कि अस्पताल में कोविड मरीजों के दृष्टिगत 100 बैडों की व्यवस्था है और सभी बैडों पर ऑक्सीजन की सप्लाई सुचारू रूप से संचालित है। इसके अतिरिक्त अस्पताल में 100 जम्बो ऑक्सीजन सिलेंडर एवं 37 छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अस्पताल के सभी डॉक्टर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज़ लगवाने के संबंध में जानकारी चाही, जिस पर सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में एल-2 मरीजों के उपचार के लिए 16 डॉक्टर्स उपलब्ध हैं और सभी डॉक्टर्स को दोनों कोविड वैक्सीन लगवाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त एल-2 में तैनात अधिकांश पैरामेडिकल स्टाफ को भी कोविड की दोनों वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पताल के जिस कर्मचारी/कर्मी को कोविड की दोनों वैक्सीन नहीं लगी हैं अथवा एक ही वैक्सीन लगी है, ऐसे कर्मियों को कोविड एल-2 से दूर रखा जाए तथा ऐसे कर्मियों से नॉन कोविड में ड्यूटी करायी जाए। जिलाधिकारी ने कोविड-एल-2 के लिए अस्पताल में उपलब्ध 6-एच.एफ.एन.सी. व 8-बाईप उपकरण को भी देखा। जिलाधिकारी ने एल-2 मरीजों के लिए आईसीयू में उपलब्ध 13 बैडों का निरीक्षण किया। इसके साथ जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि वह आईएमए से संपर्क स्थापित कर निजी चिकित्सालयों के संचालकों व प्रबंधकों को स्पष्ट रूप से बता दिया जाए कि कोविड धनात्मक केस बढऩे की स्थिति में वह अपने चिकित्सालयों को कोविड उपचार हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें।