वर्षाकाल में जलमग्न नहीं होंगी नोएडा की सड़कें

सीईओ ने समीक्षा बैठक की, मातहतों को जरूरी निर्देश

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने गुरुवार को वर्षा काल में पानी की समुचित निकासी एवं जलभराव की समस्या के संबंध में जल एवं सिविल विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ ने कहा कि जलभराव एवं पूर्व के वर्षों में जिन स्थानों पर बरसाती पानी की निकासी की समस्या रही है, ऐसे सभी चिन्हित स्थलों पर तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए। सीईओ ने दलित प्रेरणा स्थल के निकट डीएनडी फ्लाईओवर की ओवर लीफ में होने वाले जलभराव के स्थाई निस्तारण के लिए सम्पवैल का निर्माण कराने के निर्देश पूर्व में दिए थे। जिस क्रम में जल विभाग ने अवगत कराया कि मौके पर सम्पवैल निर्माण का 30 प्रतिशत काम पूर्ण हो चुका है। सीईओ ने इस कार्य को मई तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। महामाया फ्लाईओवर के नीचे सेक्टर-44 की तरफ से आने वाली सड़क के ओवरलीफ पर होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान वर्क सर्किल के साथ मिलकर पूर्ण कराए जाने के निर्देश भी पूर्व में सीईओ ने दिए थे। बैठक में जल विभाग ने अवगत कराया कि अनुबंध गठित कर लिया गया है। 15 जून तक कार्य को पूर्ण करा लिया जाएगा। सेक्टर-162 के 132 केवी उपकेंद्र के पास खोड़ा में जलभराव को रोकने एवं निस्तारण हेतु वर्क सर्किल-4 ने प्रस्ताव पेश किया। जिस पर सीईओ ने स्थलीय निरीक्षण के साथ पुन: आगणन गठित कर शार्ट टर्म निविदा आमंत्रित कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में वर्क सर्किल ने बताया कि शिव शक्ति एंक्लेव सेक्टर-80 में ड्रेन के निर्माण के संबंध में नाली का निर्माण करा दिया गया है। कनेक्टिविटी का काम शेष है। सीईओ ने 30 मई तक यह कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सेक्टर-19 के ब्लॉक ए एवं बी के मध्य सड़क पर जलभराव के निराकरण हेतु अतिक्रमण को हटाकर ड्रेनों का स्लोप निर्धारित कर सम्पवैल सेक्टर-19 में आउटफाल किए जाने के संबंध में सिविल विभाग ने अवगत कराया कि सम्पवैल की लाइन डाल दी गई है। जल निकासी के लिए अस्थाई रूप से इंजन की व्यवस्था की गई है। सीईओ ने महाप्रबंधक को स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सेक्टर-31 के पॉकट सी-6 में ड्रेन को अतिक्रमण मुक्त कराकर ड्रेनों का स्लोप निर्धारित किए जाने के संबंध में वर्क सर्किल ने अवगत कराया कि उक्त स्थल पर सड़क एवं नाली का निर्माण करा दिया गया है। वर्षा ऋतु में उचित माध्यम से पंपिंग कर जल को निस्तारित कराया जाएगा। सेक्टर-27 के डी एवं ई ब्लॉक के मध्य जलभराव के निस्तारण के संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देश के क्रम में वर्क सर्किल ने अवगत कराया कि बाहरी ड्रेन का निर्माण करा दिया गया है। आंतरिक अतिक्रमण पर नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रकाश अस्पताल सेक्टर-33 के पास जलभराव को निस्तारण कराए जाने के लिए वर्क सर्किल-5 को कैचमेंट एरिया के अनुरूप र्स्टोम वाटर ड्रेन को पुन: डिजाइन करने के साथ निर्माण शीघ्र कराए जाने के मामले में कार्य की धीमी प्रगति पर सीईओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शार्ट टर्म निविदा आमंत्रित कर कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।