गाजियाबाद। वित्तीय वर्ष 2020-21 के अंतिम दिन यानी 31 मार्च को गाजियाबाद नगर निगम ने संपत्ति कर के रूप में 4 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की। अधिकतर संपत्ति करदाताओं ने ऑनलाइन के माध्यम से टैक्स जमा कराया। संपत्ति कर की वसूली बढ़ाने के लिए मेयर आशा शर्मा व पार्षदों के सुझाव के अनुसार नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश के क्रम में सभी जोनल प्रभारियों द्वारा अपने-अपने जोन में हाउस टैक्स वसूलने की प्रक्रिया की रफ्तार तेज कर कार्य किया गया। जोनल प्रभारियों तथा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा के नेतृत्व में 31 मार्च को 4 करोड़ से अधिक की वसूली की गई है, जिसमें कविनगर जोन के अंतर्गत 1 करोड़ 80 लाख रुपए, सिटी जोन के अंतर्गत 2595000 रुपए, वसुंधरा जोन के अंतर्गत 1 करोड़ 50 लाख रुपए, मोहन नगर जोन के अंतर्गत 50 लाख रुपए, विजय नगर जोन के अंतर्गत 1068000 रुपए की वसूली की गई है। डॉ. संजीव सिन्हा द्वारा बताया गया कि 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 तक 145 करोड़ 29 लाख 98000 से अधिक की वसूली गाजियाबाद नगर निगम ने की है। वसूली की कार्यवाही अभी भी जारी है तथा नगर निगम की जोनल प्रभारियों के साथ-साथ पार्षदों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसके लिए मेयर आशा शर्मा ने भी शहर की जनता का भी आभार व्यक्त किया है।















