निगम 24 घंटे में ऑक्सीजन सिलेंडर भरवाकर कर रहा वापिस

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते जिले में ऑक्सीजन की कमी को पूरा करते हुए नगर निगम होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के लिए खाली सिलेंडर में ऑक्सीजन भरवाकर अब 24 घंटे में ही वापिस कर रहा है। जिले में ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर की पहल अब लोगों को खूब भा रही है। नगर निगम के सभी 5 जोन अंतर्गत खाली ऑक्सीजन सिलेंडर को जमा करने के बाद 36 से 48 घंटे का समय मांगा गया था। लेकिन अब 24 घंटे के भीतर आक्सीजन भरवाकर सिलेंडर सौंपे जा रहे हैं। इससे मरीजों को राहत मिली है,वहीं, ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें कम हुई हैं। रविवार को नगर निगम के सभी 5 जोन अंतर्गत 139 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर जमा किए गए। इनमें सिटी जोन में 31,कविनगर-18,विजयनगर-23,मोहननगर-48,वसुंधरा जोन में 19 मिलाकर 139 खाली सिलेंडर जमा किए गए। नगर निगम द्वारा 5 मई से शुरू की गई व्यवस्था के बाद अब तक 669 सिलेंडरों में आक्सीजन भरवाने के बाद लोगों को दिए जा चुके हैं। रविवार सुबह से शाम तक लोगों को मुहैया करवा दिए गए। नगर आयुक्त महेंंद्र सिंह ने चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ.अनुज कुमार सिंह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। नगर आयुक्त ने बताया कि ऑक्सीजन के खाली सिलेंडरों को जमा कराने के बाद इनमें ऑक्सीजन भरवाने के लिए 36 से 48 घंटे का समय तय किया गया था। मगर अब 24 घंटे में सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरवाकर वापिस किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन सिलेंडर लीकेज होने के बाद खाली सिलेंडर वापिस लौटाने की शिकायत आती है तो उस पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाएगी।प्रयास है कि रात में सिलेंडर भरकर आएंगे तो रात में ही उनका वितरण कराया जाएगा।