कृष्णा डेंटल कॉलेज में 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड शुरू

-कोरोना संक्रमण की चेेन तोडऩे में करें सहयोग, बरते विशेष सावधानी

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों की सुविधा के लिए अब प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग के प्रयास से 50 बेड का ऑक्सीजन युक्त आइसोलेशन वार्ड की शुरूआत हो गई। मंगलवार को राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने श्री गुरूद्वारा प्रबंधन समिति इंदिरापुरम के प्रयास से मोहननगर स्थित कृष्णा डेंटल कॉलेज में 50 बेड के ऑक्सीजन युक्त आइसोलेशन वार्ड का उद्घाटन करते हुए शुभारंभ किया। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने खालसा हेल्प इंटरनेशनल के गुरप्रीत सिंह रम्मी,अनमोल बिंद्रा,जगदीश्वर सिंह,गगन दीप सिंह,सुरजीत सिंह सग्गू, डॉ.गौरव, जसवंत सिंह, विपुल अग्रवाल, मंत्री मीडिया प्रभारी नीरज गोयल आदि की मौजूदगी में कहा कि 50 बेड का ऑक्सीजन आइसोलेशन वार्ड शुरू होने से आसपास के संक्रमित मरीजों का इसका लाभ मिल सकेगा। आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की सेवा देने का जिम्मा श्री गुरुद्वारा प्रबंधन समिति इंदिरापुरम रहेगा। सभी बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। आईसोलेशन वार्ड में शुरूआती कोरोना संक्रमण लक्षण के 85 फीसद ऑक्सीजन लेवल को दिया जाएगा। यह ऐसे लोगों को दिया जाएगा जिनके पास घर में खुद आईसोलेट होने की सुविधा नहीं है। उन्हें यहां पर भर्ती किया जाएगा। आईसोलेशन वार्ड में मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इस पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। कोरोना की चेन तोडऩे के लिए किसी भी व्यक्ति में हल्के लक्षण है, तो उसे परिवार से अलग रहने की आवश्यकता है। जनसुविधा के लिए यह सेंटर शुरू किया गया है। कॉलेज में शुरू किए गए आइसोलेशन वार्ड से लोगों को राहत मिलेगी। अगले कुछ दिन बाद इसे 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड किया जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है ताकि लोगों को यहां पर सुविधा मिल सके।