– मंडलायुक्त एवं आईजी ने पुलिस अस्पताल का लिया जायजा
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से लागू लॉकडाउन और नाईट कफ्र्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए मेरठ मंडल के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह एवं जोन के आईजी प्रवीण कुमार पुलिस अधिकारियों को चेता गए। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह एवं आईजी प्रवीण कुमार जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए इससे निपटने के लिए निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। मंडलायुक्त एवं आईजी ने एसएसपी अमित पाठक, एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा, सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र, सीओ कमलेश नारायण पांडेय आदि अधिकारियों के साथ जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्तकता बरतते हुए कफ्र्यू का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक करें।
हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अस्पताल का निरीक्षण करते हुए अस्पताल में दवाई से लेकर बेड, ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था पूर्ण रखने के निर्देश दिए। इसके बाद लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन कराने के लिए आरडीसी, मसूरी, लोनी आदि कई इलाकों में पैदल गश्त करते हुए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। आईजी प्रवीण कुमार ने एसएसपी अमित पाठक को निर्देश दिए कि लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन कराया जाए। पुलिस पैदल गश्त करें। बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। इसके बाद मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह एवं आईजी प्रवीण कुमार ने एसएसपी,एसपी ग्रामीण आदि के साथ मसूरी थाना क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर निरीक्षण किया। कोरोना हेल्प डेस्क को चेक किया। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन ठीक से कराया जा रहा है या नहीं। इसका पैदल गश्त करते हुए जायजा लिया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से सैनिटाइजेशन और मास्क लगाने के निर्देश दिए। कोरेाना से बचाव के लिए गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन कराने एवं मास्क नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त एवं आईजी ने जिले में करीब दो घंटे तक कई इलाकों में जायजा लिया।
















