गाजियाबाद। जहां इस समय जिंदगी के लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण आक्सीजन गैस की कुछ लोग कालाबाजारी करने में लगे हैं वहीं बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर देकर मानवता का संदेश दिया है। गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया कि परमपिता परमात्मा वाहेगुरु जी के आशीर्वाद से सिलेंडर लंगर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा की कमेटी और वीर खालसा दल के सहयोग से चलाया जा रहा है। महामारी से पीडि़त परिवार को यदि छोटा ऑक्सीजन सिलेंडर चाहिए तो बेहिचक गुरुद्वारा सिंह सभा पर आकर और भरवाकर ले जा सकता है। यह सेवा नि:शुल्क और मानवता की सेवा करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि चेयरमैन हरमीत सिंह, महामंत्री एसपी सिंह ओबरॉय, वीर खालसा दल के अध्यक्ष कुलविंदर ओबरॉय और सहयोगी जसबीर सिंह निरंतर इस सेवा कार्य को करने में जुटे हुए हैं। सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने कहा है कि कोरोना का संक्रमण बढऩे के साथ ही आक्सीजन गैस की मांग चरम पर पहुंच चुकी है। गैस की कमी न हो इसके लिए जिस किसी भी परिवार को छोटा ऑक्सीजन सिलेंडर चाहिए, वह बेहिचक गुरुद्वारा श्री सिंह सभा पर आकर भरवा सकता है। इस कार्य में गुरुघर के सेवादार चेयरमैन हरमीत सिंह, महामंत्री एसपी सिंह ओबरॉय, अध्यक्ष वीर खालसा दल कुलविंदर ओबरॉय, हरजिंदर सिंह, जसवीर सिंह, कुलदीप सिंह, धारा सिंह, यादराम और प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू लोगों को पूर्ण सहयोग दे रहे हैं।
















