मुरादनगर पुलिस ने ड्यूटी के साथ जरूरतमंदों को बांटा मास्क, कोरोना से बचाव के लिए किया जागरुक

मुरादनगर। कोरोना महामारी के दौरान इस समय पुलिस कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करा रही है। जो लोग नहीं मान रहे हैं उनके चालान भी काट रही है। इसके विपरीत पुलिस का दूसरा पहलू भी इस समय दिखाई दे रहा है। वह ड्यूटी के साथ-साथ समाज सेवा भी कर रही है। स्लम एरिया में रहने वाले उन जरूरतमंदों को मास्क बांट रही है जो इन्हें खरीदने में सक्षम नहीं हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से घरों पर रहने तथा कोरोना एडवाइजरी का पूर्ण पालन करने की अपील भी की जा रही है, जिसमें काफी हद तक प्रशासन को जनता का सहयोग भी मिल रहा है। लेकिन कुछ लोग बार बार चेतावनी के बाद भी सुधरने का नाम नहीं ले रहे है। रविवार को कोरोना के चलते मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार एवं सामाजिक संगठन द्वारा रेलवे रोड़ पर जरूरतमंदों को मास्क बांटकर कोरोना के प्रति जागरूक किया और व्यापारियों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कोरोना की दूसरी लहर में पहले की अपेक्षा अधिक कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं। इसलिए इसके प्रति लापरवाही ठीक नहीं है। कोरोना को लेकर इस बार अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। सभी लोग अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए मास्क अवश्य लगाएं। हम सभी को भीड़-भाड़ वाली जगह से दूर रहने की जरूरत है। कोरोना वायरस बीमारी से किसी को घबराने की भी जरूरत नहीं है। आप लोग अपने आसपास सफाई रखें। यदि आप बिना कार्य और बिना मास्क घर से बाहर निकलते हैं तो आप स्वयं कोरोना को न्योता दे रहे हैं। क्योंकि जब आप बाहर से वापस घर पहुंचते हैं तो कोरोना वायरस आपके साथ घर के अंदर प्रवेश कर जाता है। थोड़ी-थोड़ी देर में हाथ सेनिटाइज करते रहें।