कर्मचारी की मौत, ठेकेदार समेत 2 के खिलाफ एफआईआर

सीवर की सफाई के दौरान दम घुटने से वर्कर की मौत

ग्रेटर नोएडा। नजदीकी बेगमपुर गांव में सीवर लाइन की सफाई के दौरान दम घुटने से कर्मचारी की जान चली गई। इसके बाद एकाएक हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर कर्मचारी को बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांचोपरांत कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार सहित 2 व्यक्तियों के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण कर्मचारी को जान से हाथ धोना पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मूल रूप से घरबरा गांव निवासी कृष्ण कुमार सफाई कर्मचारी था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार नीरज द्वारा बेगमपुर गांव (सूरजपुर) में गुरुवार को सीवर की मेन लाइन की सफाई कराई जा रही थी। जिसके लिए सफाई कर्मचारी कृष्ण कुमार को लगाया गया था। बताया गया है कि सीवर लाइन में नीचे उतरने पर दम घुटने से कृष्ण बेहोश हो गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह सफाई कर्मचारी को बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में नजदीक के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के भाई सूबे ने लापरवाही का आरोप मढ़ा है। सूबे की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार नीरज और जय प्रकाश के विरूद्ध सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर ठेकेदार समेत 2 आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सवाल उठ रहा है कि प्राधिकरण द्वारा रोबोट से सीवर की सफाई कराई जा रही है। इसके बावजूद सफाई कर्मचारी को सीवर में सफाई कार्य के लिए क्यूं लगाया गया। सफाई कर्मचारी कृष्ण कुमार महज 500 रुपए की दिहाड़ी पर ठेकेदार के पास काम कर रहा था। सफाई कर्मचारी की मौत से परिवार में मातम छाया है।