डीएम ने निजी अस्पतालों को सौंपी अहम जिम्मेदारी

-प्रबंधकों के साथ बैठक में कई बिंदुओं पर दिए निर्देश
-मैक्स अस्पताल से पांच हजार वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने की अपेक्षा

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। वैक्सीनेशन अभियान के तहत सरकारी चिकित्सालयों के साथ-साथ प्राईवेट चिकित्सालयों में भी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इस कड़ी में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद के निजी अस्पतालों के प्रबंधकों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने बैठक में निजी चिकित्सालयों के प्रबंधकों से कहा कि वह अपने-अपने चिकित्सालयों में लोगों को लगाई जा रही वैक्सीन के अतिरिक्त किसी बाहरी स्थान को चिन्ह्ति कराकर अधिक से अधिक 18 से 44 वर्ष आयु के लोगों को वैक्सीन लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। इस संबंध में उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए किसी सैंट्रलाईज्ड़ जगह जैसे-बड़ा कम्युनिटी हॉल, स्कूल, कॉलेज अथवा मॉल इत्यादि को चिन्ह्ति किया जाए, जहां लोगों को आने-जाने की सुविधा रहे तथा कोविड प्रोटोकॉल जैसे-सोशल डिस्टेंसिंग, हाईजीन व सेनेटाईजेशन इत्यादि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करायी जा सकें। इसके लिए जिलाधिकारी ने अपर नगर मजिस्टे्रट एवं मैक्स अस्पताल के प्रबंधक को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर ऐसे स्थलों को चिन्ह्ति करने के निर्देश दिए, ताकि मैक्स अस्पताल प्रबंधन द्वारा उक्त चयनित स्थल पर सभी आवश्यक उपकरण स्थापित कराकर 1 जून से अधिक से अधिक संख्या में लोगों का वैक्सीनेशन कराया जाए। इसके लिए जिलाधिकारी ने मैक्स अस्पताल के प्रबंधक डॉ. गौरव अग्रवाल को प्रतिदिन 5000 वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित कर वैक्सीनेशन की कार्यवाही कराने की अपेक्षा की। बैठक में डॉ. एनके गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी, विनय सिंह अपर नगर मजिस्टे्रट (द्वितीय), डॉ. मिथलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. नीरज अग्रवाल डिप्टी सीएमओ, डॉ. अभिषेक कुलश्र्रेष्ठ डब्लूएच0ओ, मैक्स अस्पताल प्रबंधक डॉ. गौरव अग्रवाल, यशोदा अस्पताल कौशाम्बी एवं यशोदा अस्पताल नेहरूनगर द्वारा नामित प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।