– नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निगम के समस्त विभाग अध्यक्षों के साथ विकास कार्यों को लेकर की समीक्षा बैठक
गाजियाबाद। शहर में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप निरंतर घट रहा है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। शहर मे बहुत हद तक कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में नगर निगम ने सफलता हासिल की है। इसके बाद नगर निगम ने विकास कार्यों की तरफ ध्यान देना शुरू कर दिया है। कोरोना काल में संक्रमण की रोकथाम को निरंतर सक्रिय निगम ने अब लंबित परियोजनाओं पर काम करना शुरू किया है। इसके तहत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इसका लाभ नागरिकों को मिलेगा। इस सिलसिले में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम के मंगलवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन कर अधिकारी एवं कर्मचारी प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के काम में गति लाने की कोशिश करें। उन्होने कहा कोरोनाकाल के दौरान रूके विकास कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए गये है।
नगर आयुक्त ने चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन व उनकी टीम को नगर निगम सीमांतर्गत खाली भूमि की बाउंड्री वॉल के कार्य को प्रमुखता के आधार पर कराने के आदेश दिए। इसके अलावा अन्य कार्यो के लिए सर्वे कर कार्रवाई करने के भी आदेश दिए। उद्यान विभाग डॉ अनुज कुमार सिंह को सभी कार्यो का सर्वे करने और ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज के कार्यों में रफ्तार लाने के आदेश दिए। सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार को नालों की सफाई के साथ-साथ शहर की आंतरिक गलियों में भी सफाई व्यवस्था सुचारू करने के आदेश दिए। नगर आयुक्त ने कहा शहर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के साथ सफाई कर्मचारियों की देखभाल भी प्रमुखता से की जाए। शहर में नियमित रूप से कचरे उठाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कोरोना संक्रमण के चलते शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर में सेनेटाइजेशन एवं फॉगिंग कार्याे में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मानसून से पूर्व जलकल विभाग महाप्रबंधक (जीएम) योगेश श्रीवास्तव को जल अभाव क्षेत्र में जल आपूर्ति के लिए निर्देश दिए गये। प्रकाश विभाग द्वारा शहर के वार्डों के अंदर, प्रमुख चौराहों पर प्रकाश संबंधित कार्यो के लिए सर्वे कराकर अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को कार्रवाई करने और 7 दिनों के अंदर शहर की प्रकाश व्यवस्था सुचारू कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में अन्य विभागों से संबधित कार्यवाही पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए की क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा भेजी जा रही समस्याओं को समाधान करने एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं नगर आयुक्त ने कोरोना संक्रमण के दौरान हुई निगम अधिकारी एवं कर्मचारियों की मौत पर अपनी संवेदना जाहिर की। शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के आंकड़े भले ही कम हुए, लेकिन खतरा अभी बरकरार है। इसलिए सावधानी के साथ सुरक्षा भी जरूरी है। कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन करें। खुद के साथ दुसरों को भी सुरक्षित रखें। तभी कोरोना संक्रमण के वायरस पर काबू पाया जा सकेगा। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, लेखा अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश, जीएम जलकल योगेश श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, एजुकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















