नोएडा प्राधिकरण की अह्म योजना अंतिम दौर में
प्रात: 5 से रात 11 बजे तक मिलेगी सुविधा
नोएडा। दिल्ली से सटी नोएडा सिटी में प्रदूषण की समस्या गंभीर है। भरसक प्रयास के बावजूद यह समस्या दूर नहीं हो सकी है। इसके चलते सरकारी तंत्र को नए-नए कदम उठाने पड़ रहे हैं। इसी क्रम में अब शहर की आवोहवा को सुधारने के लिए ई-साइकिल के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। नोएडा प्राधिकरण ने इस योजना को धरातल पर साकार करने की तैयारी शुरू कर दी है। सड़कों पर ई-साइकिल का प्रयोग बढ़ने पर प्रदूषण का स्तर काफी हद तक नियंत्रण में आने की संभावना है। शहर में 62 ई-साइकिल स्टैंड (डॉकिंग स्टेशन) प्रस्तावित किए गए हैं। योजना की तेजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 62 में से 60 स्टैंड बनकर तैयार हो चुके हैं। निर्धारित योजना के मुताबिक आगामी एक जुलाई से शहर में ई-साइकिल का संचालन आरंभ हो जाएगा।
इस कार्य में नोएडा प्राधिकरण शिद्दत से जुटा है। ई-साइकिल चलाने और रख-रखाव का दायित्व निजी कंपनी को सौंपा जाएगा। खास बात यह है कि एप की सहायता से ई-साइकिल लॉक और अनलॉक हो सकेगी। शहर में ई-साइकिल का चलन बढ़ने से प्रदूषण कम होने के अलावा पेट्रोल-डीजल से संचालित वाहनों का प्रयोग भी कम हो सकेगा। कम दूरी का सफर करने के लिए नागरिक वाहन की बजाए ई-साइकिल का इस्तेमाल करेंगे। निकट भविष्य में घर से निकलने के बाद सरकारी कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, मुख्य बाजार और बस स्टेशन जाने के लिए आसानी से ई-साइकिल उपलब्ध होगी।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक ई-साइकिल की रफ्तार सीमित रहेगी। यह 25 किमी प्रति घंटा तक दौड़ सकेगी। बैट्री निकालने के बाद साइकिल का भार 60 किलो से ज्यादा नहीं होगा। उपभोक्ता एप के जरिए ई-साइकिल की सेवा किसी भी समय ले सकेंगे, मगर इसके लिए पहले केवाईसी करानी होगी। इसके बाद डॉकिंग स्टेशन पर इस एप की सहायता से साइकिल आॅन होगी। डॉकिंग स्टेशन पर लौटने के बाद साइकिल खुद लॉक भी हो जाएगी। ई-साइकिल की सेवा प्रतिदिन प्रात: 5 से रात्रि 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी। ई-साइकिल के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर स्टैंड बनाए गए हैं। कुल 62 स्टैंड बनाए जाने हैं, जिनमें से 60 स्टैंड तैयार कर लिए गए हैं। नोएडा सेक्टर-2 एसबीआई बैंक, सेक्टर-3 भूमिगत वाहन पार्किंग, प्राधिकरण कार्यालय सेक्टर-6, जेड ब्लॉक मार्केट सेक्टर-12, मेट्रो स्टेशन सेक्टर-15, मेट्रो स्टेशन सेक्टर-16, एपीजे स्कूल सेक्टर-16ए , बहुमंजिला पार्किंग सेक्टर-18, मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18, प्राधिकरण कार्यालय सेक्टर-20, सेक्टर-21 ए नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-25 मार्केट, सेक्टर-29 गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-29 ब्रह्मपुत्र मार्केट, सेक्टर-30 जिला चाइल्ड अस्पताल, सेक्टर-33 एआरटीओ आॅफिस, सेक्टर-38 ए बॉटेनिकल गार्डन बस डिपो, सेक्टर-38 ए बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-39 सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-39 जिला संयुक्त अस्पताल, सेक्टर-44 महामाया स्कूल सेक्टर-50 मार्केट, सेक्टर-52 मार्केट की अंदरूनी सड़क, सेक्टर-57 एयरटेल आॅफिस, सेक्टर-58 पुलिस चौकी, सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन आदि स्थानों पर ई-साइकिल स्टैंड (डॉकिंग स्टेशन) बनाए गए हैं।















