-शहर की संपत्तियों के रिकार्ड को अपटूडेट करने में जुटा नगर निगम
गाजियाबाद। शहर की संपत्तियों के रिकार्ड को अपटूडेट करने के लिए नगर निगम संपत्तियों को आधार कार्ड से लिंक करेगा। नगर निगम की इस कवायद से जहां हाउस टैक्स वसूली में बढ़ोत्तरी होगी, वहीं भवन स्वामी भी आधार कार्ड के जरिए संपत्ति पर टैक्स बकाया और भुगतान से संबधित समस्त जानकारियां प्राप्त कर सकेगें। शहर में काफी संपत्ति ऐसी है, जिन पर नगर निगम अभी टैक्स नही लगा पा रहा है। जुलाई के पहले सप्ताह नगर निगम प्रस्तावित बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखेगा बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पर अनुमोदन होने के बाद निगम के पास प्रत्येक संपत्ति की जानकारी रहेगी।
बता दें कि नगर निगम की शहर में वर्तमान में 3 लाख 85 हजार टैक्सदाता हैं। नगर निगम के सभी 5 जोन वसुंधरा, मोहननगर, सिटी जोन, कविनगर, विजयनगर जोन से इन टैक्स दाता को बिल जारी किए जाते हैं। लोगों से ऑनलाइन और ऑफलाइन हाउस टैक्स का बिल जमा करने की अपील की जा रही है। नगर निगम द्वारा सर्वे भी कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद लगभग 1.50 लाख नए टैक्सदाता ओर बढ़़ जाएंगे। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि वसुंधरा जोन का सर्वे पूरा हो चुका है। जबकि अन्य चार जोन में सर्वे चल रहा है। ऐसे में हाउस टैक्स से छूटे भवनों को टैक्स के दायरे में लाने के लिए योजना बनाई है ताकि ज्यादा से ज्यादा राजस्व प्राप्त किया जा सके। इसके लिए वार्डवार संपत्ति को आधार से लिंक करने की तैयारी की जा रही हैं। इसके बाद यह आसानी से पता चल जाएगा कि कौन सी संपत्ति पर हाउस टैक्स नहीं लग रहा। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर आयुक्त से वार्ता करने के बाद आधार कार्ड से संपत्तियों को लिंक करने के लिए इसका प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। आधार कार्ड से संपत्ति लिंक होने के बाद हाउस टैक्स लगने से कोई भी संपत्ति नहीं बच पाएगी।मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि समय पर हाउस टैक्स जमा करने वालों को छूट का लाभ दिया जाएगा। अगस्त तक बिल जमा करने पर 20 फीसदी छूट का लाभ मिलेगा। सितंबर में 15 फीसदी छूट और अक्टूबर एवं नवंबर में 10 फीसद हाउस टैक्स का बकाया जमा करने पर छूट मिल सकेगी।जबकि दिसंबर से फरवरी-2022 तक 5 फीसद की छूट हाउस टैक्स बिल जमा करने पर मिल सकेगी। जिन लोगों द्वारा हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं किया जाएगा। उनके सीवर और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे।
















