गजियाबाद। भीषण गर्मी के बीच बिजली की कटौती लोगों को परेशान कर रही है। शहर में ही नहीं जनपद के कई क्षेत्रों में बिजली का संकट है। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गाजियाबाद में गहराए बिजली संकट की शिकायत की है। इस समस्या का निदान कराने की मांग की गई है। पत्र में उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से गाजियाबाद में बिजली कटौती बढ़ गई है। इससे आम नागरिकों के अलावा व्यापारियों और उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली गुल रहने से जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। बिजली न होने की स्थिति में जनरेटर चलाना मजबूरी है। डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। जनरेटर के संचालन से वायु प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा है। इन समस्याओं को देखकर विद्युत आपूर्ति में जल्द से जल्द सुधार कराए जाने की जरूरत है।















