स्मृति वाटिका में लगाएं पूर्वजों की याद में पौधा

शहर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नई पहल

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब स्मृति वाटिका विकसित करेगा। स्मृति वाटिका में शहर का कोई भी नागरिक अपने पूर्वजों अथवा अपने चहेतों की स्मृति में पौधा लगा सकेगा। रोपित पौधे की देख-रेख भी वह कर सकेगा। ग्रेनो प्राधिकरण ने इस साल एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इन पौधों की जियो टैगिंग भी की जाएगी। इस अभियान की शुरुआत 4 जुलाई को होगी। इसके तहत अभियान चलाकर एक लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। सभी पौधों की जीओ टैगिंग की जाएगी, ताकि पौधों की वास्तविक स्थिति की जानकारी के साथ-साथ रख-रखाव किया जा सके। साथ इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि मानसून सत्र में प्रस्तावित वृहद पौधरोपण में जन सामान्य तथा ग्रेटर नोएडा के नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित हो सके। ग्रेनो प्राधिकरण नए मानसून सत्र में पौधरोपण की शुरुआत के साथ-साथ नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर-10 एवं 12 की हरित पट्टी पर स्मृति वाटिका विकसित की जाएगी। स्मृति वाटिका में मेरा पौधा मेरी स्मृति कार्यक्रम के तहत ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के नागरिक अपने पूर्वजों की स्मृति/याद में पौधरोपण कर, पौधे के पास उनके नाम की पट्टिका/विवरण आदि लगा सकते हैं। रोपित पौधे का रख-रखाव/सिंचाई आदि का कार्य प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा। इस वाटिका में स्वयं द्वारा रोपित पौधे का रख-रखाव आदि का कार्य संबंधित व्यक्ति द्वारा किया जा सकता है। साथ वाटिका में बैठने के स्थान तथा अन्य सुविधाएं विकसित करने के लिए सहयोग प्रदान कर सकता है। प्राधिकरण रविवार को इस अभियान को आरंभ करेगा। इस वाटिका में अपने पूर्वजों की याद में पौधे लगाने के लिए या अन्य जानकारी के लिए प्राधिकरण के उद्यान विभाग सहायक प्रबंधक मुकेश कुमार (9971146377) से संपर्क कर सकते हैं। स्मृति वाटिका में मानसून सत्र में प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 से 12 बजे तक उपस्थित होकर अपने पौधे रोपित कर सकते हंै। प्राधिकरण ने रविवार को सेक्टर-1, सेक्टर-10, सेक्टर-2, सेक्टर-टेकजोन-2 की ग्रीन बेल्ट और एवं ग्राम अस्तौली आदि में पौधरोपण की योजना बनाई है।