उदय भूमि ब्यूरो।
धौलाना। भाजपा के दिग्गज वर्तमान व पूर्व सांसद की प्रतिष्ठा का सवाल बनी सीट पर पूर्व विधायक रहे शिक्षाविद स्व मेघनाथ सिंह सिसौदिया के पौत्र का ब्लाक प्रमुख पद के लिए निर्विरोध चुना जाना आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जमीन को मजबूती देगा। साठा नायक पूर्व विधायक व शिक्षाविद रहे मेघनाथ सिंह के सुपौत्र एवं युवा भाजपा नेता निशांत सिसौदिया के ब्लाक प्रमुख चुनाव को विजय की ओर ले जाने मेंअमलीजामा पहनाने वाले केन्द्रीय राज्यमंत्री व सांसद जरनल वी के सिंह और पूर्व विधायक धर्मेश तोमर की रणनीति की चर्चा आमजन की जुबान पर है। निशांत सिसौदिया का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना राजपूत बाहुल्य क्षेत्र साठा चौरासी में भाजपा के गढ़ को मजबूत कर गया । हालांकि क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर का मौन समर्थन निशांत सिसौदिया की इस जीत में अहम है। अब सबकी निगाहें 2022 के विधानसभा चुनाव पर लगी हुई है। बता दें कि साठा नायक पूर्व विधायक एवं शिक्षाविद रहे मेघनाथ सिंह सिसौदिया तीन बार विधायक रहे। करीब 40 वर्ष बाद अब उनके परिवार में होनहार सुपोत्र निशांत सिसौदिया ने राजनीति की बंजर जमीन में भाजपा का कमल खिलाया है।
पूर्व विधायक धर्मेश तोमर सहित पार्टी के दिग्गज नेताओं ने डाले रखा डेरा

धौलाना ब्लाक प्रमुख सीट पर भाजपा का कब्जा रहा। पार्टी की तरफ घोषित प्रत्याशी निशांत सिसाेदिया ने नामांकन पत्र जमा किया। अन्य किसी राजनैतिक दल या निर्दलीय के रूप में किसी ने नामांकन जमा नहीं किया है। इसके चलते निशांत सिसोदिया का निर्विरोध प्रमुख होना लगभग निश्चित हो गया। निशांत के ब्लाक प्रमुख बनने से पार्टी के पदाधिकारियाें एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई हैं। निशांत ने इस जीत के लिए पार्टी आलाकमान, जिला कमेटी एवं कार्यकर्ताओं को आभार व्यक्त किया हैं। धौलाना ब्लाक प्रमुख पद के लिए निशांत सिसोदिया ने सुबह 11 बजे ब्लाक में पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। उनके साथ पूर्व विधायक धर्मेश तोमर, वरिष्ठ नेता अजीत तोमर, जिला उपाध्यक्ष नरेश तोमर एवं प्रस्तावक के रूप में शैलेंद्र समाना, श्रीपाल गालंद मौजूद रहे। दोपहर में विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हुण ने पहुंचकर निशांत सिसोदिया को बधाई दी। तीन बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान निशांत सिसोदिया के अलावा कोई और नामांकन जमा करने नहीं पहुंचा। लगभग डेढ़ बजे जिला चुनाव प्रेक्षक गाजियाबाद के अपर आयुक्त राजेश प्रकाश, जिला निर्वाचन अधिकारी हापुड़ अनुज सिंह ने ब्लाक पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को जायजा लिया। निर्वाचन अधिकारी धौलाना मनोज कुमार राव ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी निशांत सिसोदिया के अलावा किसी और ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है। रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेज दी गई है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर उपजिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर, पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. तेजवीर सिंह ने ब्लाक पर डेरा डाले रखा। धौलाना बस स्टैंड से ब्लाक की तरफ जाने वाला रास्ता सील रहा। ब्लाक को चारों ओर पुलिस की कड़ा पहरा रहा। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली
















