-14वें एवं 15वें वित्त आयोग की बैठक
गाजियाबाद। जनपद की लोनी नगर पालिका परिषद को 32 करोड़ 80 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है, जिनका लाभ लोनी नगर पालिका परिषद के नागरिकों को उपलब्ध हो सकेगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में 14वें एवं 15वें वित्त आयोग की बैठक कर विकास कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से नगर पालिका लोनी में नाली-खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, पेयजल, सॉलिड़ वेस्ट मैनेजमेंट आदि विकास कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारियों द्वारा सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय अवधि, पूर्ण पारदर्शिता एवं मानकों के अनुरूप पूरा कराने की कार्यवाही युद्ध स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी कार्य में गुणवत्ता एवं मानकों में कमी पाई जाएगी तो संबंधित विभागीय अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी समय-समय पर विकास कार्यक्रमों की स्थलीय चेकिंग कर संचालित होने वाले कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में नियमित स्तर पर जांच सुनिश्चित करेंगे ताकि सभी विकास कार्य मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय अवधि के भीतर पूर्ण हो सकें और उनका लाभ लोनी नगर पालिका परिषद के नागरिकों को प्राप्त हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, चेयरपर्सन नगर पालिका लोनी रंजीता धामा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोनी शालिनी गुप्ता आदि मौजूद रहे।















