-दोस्त के पिता की हत्या समेत कई मामलों में चला रहा था फरार, मुठभेड़ में घायल
गाजियाबाद। दोस्त के पिता की हत्या समेत कई मामलों में फरार बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि इसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वहीं, पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में सिपाही विजय राठी भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि गुरूवार को शाम करीब साढ़े तीन बजे लोनी थाना क्षेत्र के बंथला नहर के पास चिरौड़ी चौकी क्षेत्र में बाइक पर सवार दो बदमाशों की किसी वारदात को अंजाम देने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह, एसपी देहात की एसओजी टीम बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए चेकिंग शुरू कर दी।
मौके पर एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा एवं सीओ अतुल कुमार सोनकर भी पहुंच गए। इस दौरान लोनी के बंथला नहर के पास बाइक पर आते हुए बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। मगर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। फायरिंग में हत्या में वांछित चल रहा 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश सोनू डेढ़ा गुर्जर निवासी डीएलएफ अंकुर विहार के पैर में गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसके पास से 32 बोर पिस्टल,कारतूस,चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इसका साथी अनिल चकमा देकर फरार हो गया है। इसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। सोनू डेढ़ा ने अपने दोस्त के पिता की 8 माह पहले हत्या कर दी थी। इस पर हत्या समेत कई मामले दर्ज है। दुकान व्यापारी से रंगदारी मांगने के लिए उसके प्रतिष्ठान पर गोली चलाने ओर पुलिस पर फायरिंग करने के मामले दर्ज हैं।
पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा नसरूद्दीन घायल
लोनी में गुरूवार की तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इससे पहले मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार किया गया। जबकि इसका साथी राजू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा एवं एसओजी टीम लोनी मोहननगर रोड पर अंडरपास के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद शातिर लुटेरे नसरू उर्फ नसरूद्दीन पुत्र अलाउद्दीन निवासी सीलमपुर दिल्ली को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में बदमाश ने खुद कबूला है कि वह और उसके साथी दिल्ली-एनसीआर में हथियारों के बल पर लूट की घटना को अंजाम देते लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित गुलाब वाटिका के दुकानदार भोला से लूटपाट की थी।इसके पास से पुलिस ने तमंचा,दो कारतूस,बगैर नंबर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल,लूट के 16 हजार रुपए बरामद किए। 19 जुलाई को दिल्ली निवासी चीनी व्यापारी भोला एंड संस गुलाब वाटिका दिल्ली सहारनपुर रोड से चार बदमाशों ने कैश लूटा था। इसके खिलाफ चोरी, लूट आदि के दर्जनभर संगीन मामले थाने में दर्ज हैं।















