ग्रेटर नोएडा को नई पहचान देंगे वेंडर मार्केट

ग्रेटर नोएडा। शहर में अब सड़कों के किनारे रेहड़ी-पटरी नजर नहीं आएंगी। रेहड़ी-पटरी के कारण उत्पन्न समस्याओं से जल्द निजात मिल सकेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 5 वेंडर जोन निर्धारित किए हैं। वेंडर जोन का डिजाइन भी तैयार हो गया है। इनके लिए अब एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इस कार्य के लिए जल्द टेंडर जारी हो जाएगा। 2 माह में कंपनियों का चयन कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की मंशा है कि इस साल के अंत तक 5 स्थानों पर वेंडर जोन तैयार करा दिए जाएं। ये वेंडर मार्केट ग्रेटर नोएडा को अलग पहचान भी देंगे।

ग्रेनो प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण के निर्देश पर सेक्टर बीटा वन, सेक्टर-36, डेल्टा टू, अल्फा टू व बीटा टू के फार्मर्स मार्केट में वेंडर जोन बनाने की तैयारी है। इन स्थानों पर करीब 200 वेंडरों के लिए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। दिल्ली की मशहूर आर्किटेक्ट फर्म वास्तु मंडल से इनकी डिजाइन तैयार करा ली गई है। इन वेंडर जोन में छोटे-छोटे क्योस्क बनाए जाएंगे, जहां से नागरिक दैनिक जरूरत का सामान खरीद सकेंगे। खरीदारी के बाद वेंडर जोन में लगी बेंच पर बैठकर आराम करने की भी सुविधा होगी। छोटे वेंडरों के लिए शेड बनाए जाएंगे। शौचालय व पार्किंग स्थल की भी सुविधा मिलेगी ताकि वहां आए खरीदारों व दुकानदारों को कोई परेशानी न हो।

ग्रेनो प्राधिकरण ने वेंडर जोन शीघ्र बनवाने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। इनका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। तदुपरांत टेंडर निकाला जाएगा। कंपनी का चयन कर निर्माण शुरू होगा। प्राधिकरण इस साल के अंत तक इनका निर्माण कराना चाहता है, ताकि वेंडरों और नागरिकों को नए साल का तोहफा दिया जा सके। इससे शहर की खूबसूरती भी बढ़ जाएगी। जरूरत पड़ने पर प्राधिकरण और भी वेंडर मार्केट बना सकता है। आधुनिक लुक वाले इन वेंडर मार्केट के बन जाने से ग्रेटर नोएडा की सड़कों और ग्रीन बेल्ट के किनारे खड़ी रेहड़ी-पटरी से भी निजात मिल जाएगी।

यह भी जानिए
वेंडर जोन संख्या
बीटा वन -40
सेक्टर-36 -40
डेल्टा टू -45
अल्फा टू -35
बीटा टू फार्मर्स मार्केट -47