Greater Noida Authority की पहल, सुधरेगी पार्कों की सूरत

समग्र निविदा योजना में ठेकेदारों को सौंपी गई जिम्मेदारी
3 साल के लिए पार्कों के रख-रखाव की टेंशन खत्म

ग्रेटर नोएडा। आवासीय सेक्टरों में पार्कों की बेहतरी के लिए Greater Noida Authority ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके तहत समग्र निविदा योजना (कंपोजिट टेंडर प्लान) पर काम कराना शुरू किया गया है। भविष्य में इसके अच्छे नतीजे देखने को मिलेंगे। अब किसी एक सेक्टर के सभी पार्कों के रख-रखाव से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी एक ही ठेकेदार को मिलेगी। इससे रख-रखाव और बेहतर हो सकेगा।

ग्रेटर नोएडा के सभी सेक्टरों में 250 से ज्यादा पार्क हैं। इनके रख-रखाव का काम अलग-अलग ठेकेदारों पर था। उसमें ग्रीनरी की जिम्मेदारी कोई और संभालता था, तो बाउंड्री वॉल के रख-रखाव का दायित्व किसी दूसरे ठेकेदार के पास रहता था। Greater Noida Authority के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण के निर्देश पर इस प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब तीन-चार सेक्टरों के सभी पार्कों के रख-रखाव के लिए टेंडर जारी किया जा रहा। इसका लाभ यह होगा कि एक सेक्टर के सभी पार्क के रख-रखाव की संपूर्ण जिम्मेदारी एक ठेकेदार पर होगी। इसके साथ ही पहले एक साल के रख-रखाव के लिए टेंडर जारी हो रहे थे। अब 3 साल के लिए जिम्मेदारी दी जा रही हैं।

नए पैटर्न पर सभी सेक्टरों के पार्कों के रख-रखाव के लिए प्राधिकरण प्रयासरत है। कंपोजिट टेंडर प्लान से एक ठेकेदार को 3 साल के लिए पार्कों के रख-रखाव का जिम्मा दिया जा रहा है। नए पैटर्न पर Greater Noida Authority 22 टेंडर फाइनल कर काम शुरू करा चुका है। 5 टेंडर फाइनल होने के कगार पर हैं, जबकि 5 टेंडर फिर से जारी हो रहे हैं। इससे नए पैटर्न पर अधिकतर सेक्टरों के पार्क के रख-रखाव की जिम्मेदारी 3 साल के लिए ठेकेदारों को मिल जाएगी।
इन सेक्टरों के पार्कों का जिम्मा सौंपा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर अल्फा वन व टू, सेक्टर बीटा वन व टू, डेल्टा वन, टू व थ्री, जीटा वन, ईटा वन, सिग्मा वन, टू, थ्री व फोर, ओमीक्रॉन वन व वन ए व थ्री, बिल्डर्स एरिया, स्वर्णनगरी, ज्यू वन व टू, सेक्टर-2 व 3, नॉलेज पार्क टू, सेक्टर-16, टेकजोन फोर, शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व सिटी पार्क के रख-रखाव का जिम्मा दे दिया है। इसके अलावा सेक्टर पाई वन व टू, ओमीक्रॉन थ्री, गामा वन व टू, गामा वन पॉकेट ए, ईकोटेक वन, ईकोटेक-11 और सेक्टर पी थ्री व पी-फोर के पार्कों के रख-रखाव का जिम्मा जल्द दिया जाएगा। इसी क्रम में नॉलेज पार्क टू व थ्री, म्यू वन व टू, सेक्टर रो वन व टू, सेक्टर चाई थ्री व फोर, सेक्टर ज्यू थ्री व ओमीक्रॉन टू के पार्कों के लिए फिर से टेंडर जारी किए गए हैं।
खामियां मिलने पर कीजिए कॉल
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पार्कों के रख-रखाव से जुड़े ठेकेदारों के विषय में अपनी वेबसाइट पर भी जानकारी अपलोड की है। सेक्टरवासी इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि कहीं कमी दिखे तो शिकायत भी कर सकते हैं। अगर पार्कों के रख-रखाव में खामी दिखे तो प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर-0120-2336046, 47 48 व 49 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर-8800203912 पर व्हाट्स एप मैसेज भी कर सकते हैं।