-आजादी के अमृत महोत्सव, काकोरी कांड एक्शन की वर्षगांठ पर शहीदों को किया नमन
गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव आयोजन की श्रंखला में काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर वीर शहीदों को नमन समारोह पूरे जनपद में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ पर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने हिंदी भवन लोहिया नगर में कायक्रम में शिरकत की एवं वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया तथा अतिथियों को पौधा भेंट करने के बाद मयूर विहार से आए कलाकारों द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। 
मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल द्वारा स्वागत संबोधन के पश्चात मेयर आशा शर्मा ने सभी को शुभकामनाएं दी। मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि आजादी हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है और जनमानस को इससे जुड़ी प्रत्येक घटनाओं की जानकारी होनी आवश्यक है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वीके सिंह ने चौरी चौरा आंदोलन के सभी शहीदों को नमन किया। ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा को बधाई दी। 
उन्होंने कहा कि राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान को अपने दिल के अंदर रखेंगे तभी हम इस देश को आगे बढ़ा पाएंगे। चौरी चौरा का शताब्दी वर्ष चल रहा है। 9 अगस्त का दिन काकोरी में होने वाले वाकिए से भी संबंध रखता है। 75 वर्ष का जो अमृत महोत्सव मना रहे हैं इसमें हर उस चीज को याद किया जाएगा जो कि आजादी के समय हम लोगों ने कुर्बानियां देकर यह आजादी प्राप्त की है। 
उन्होंने चौरी चौरा कांड के बारे में बताया कि 4 फरवरी 1922 को यह कांड हुआ था। नई पीढ़ी को पता होना चाहिए कि हमें यह आजादी बहुत ही मूल्य चुकाने के बाद मिली है। हम उन आजादी के दीवानों को नमन करते हैं और देश पर डटे हुए सैनिकों का भी आभार व्यक्त करते हैं जिनकी वजह से आज हम सब सुरक्षित रह पाते हैं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी भी निकाली, जिसमें बच्चे भारत माता की जय बोलते और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए दिखाई पड़े। 
इसके उपरांत प्रात: 1:30 बजे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अमृत महोत्सव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हिंदी भवन में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाने के उद्देश्य से हम सभी को अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का बहुत ही दृढ़ता के साथ देश हित में निर्वहन करना चाहिए ताकि देश का विकास और अधिक तेजी से आगे बढ़ सके। 
कार्यक्रम को महोत्सव का स्वरूप प्रदान कर श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की कोनिका प्रेमी ने देशभक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। के रॉक ग्रुप में समूह नृत्य प्रस्तुत किए और गौरव गायक कलाकार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। अंत में कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। 
कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग की पूनम शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, नगर मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भवतोष शंखधर, जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
















