गाजियाबाद। नगर निगम ने मंगलवार को सिटी, कविनगर और विजय नगर जोन में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान जगह-जगह अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। सिटी जोन में जस्सीपुरा कट रोड से पीएसी चौक कैला भट्टा तक अवैध रूप से नाले को कवर कर रैंप डाले गए थे। सड़क किनारे ठेली-पटरी लगी थीं।
जिन्हें जेसीबी मशीन से हटाया गया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। सिटी जोन प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा की अगुआई में नगर कोतवाली प्रभारी अमित कुमार काकरान, कैला भट्टा चौकी इंचार्ज इमाम जैदी की मौजूदगी में प्रवर्तन दल ने कार्रवाई की।
जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि कैला भट्टा में पीएसी चौक से जस्सीपुरा मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण ठेली-पटरी, खोखे और निर्माण को तोड़ा गया। पीएसी चौक पर कई व्यक्तियों ने नाले व सड़क पटरी पर अवैध रूप से रैंप बनाने और पक्का निर्माण कर लिया था।
जेसीबी से रैंप को तोड़ा गया। नाले की इससे सफाई नहीं हो पा रही थी। जाम भी लगता था। इस कार्रवाई के दौरान कुछ नागरिकों ने विरोध किया, मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। पुलिस की मौजूदगी में रैंप, टीनशेड आदि तोड़े गए। उधर, नगरायुक्त तंवर के निर्देश पर प्रवर्तन दल द्वारा विजय नगर जोन में अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 60 से 70 दुकानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान जोनल प्रभारी बनारसी दास आदि मौजूद रहे।
















