नॉलेज पार्क गोल चक्कर की बढ़ेगी खूबसूरती

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने लगाए पौधे

ग्रेटर नोएडा। शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण नए कदम उठा रहा है। इसी क्रम में नॉलेज पार्क-2 और 3 के बीच गोल चक्कर के आस-पास खूबसूरती बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहां बॉटल पॉम के पौधे रोपित किए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने मंगलवार को पौधरोपण कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

गोल चक्कर के चारों तरफ बॉटल पॉम के पौधे लगने से वहां की खूबसूरती में इजाफा हो सकेगा। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में अक्सर देश-विदेश से नागरिक पहुंचते हैं। इसके चारों ओर करीब 1200 मीटर लंबी सड़क है। सड़क के किनारे हरियाली बढ़ाने को जगह खाली पड़ी थी। वहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना बनाई गई। वहां रोपित पौधों पर जियोग्राफिक इनफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) के जरिए भी निगाह रखी जाएगी।

सीईओ नरेंद्र भूषण ने इसे विकसित करने वाले ठेकेदारों को निर्देश दिए कि जब तक ये पौधे विकसित नहीं हो जाते तब तक हर साल 10 अगस्त को इसकी फोटो उपलब्ध कराएं। सीईओ ने इस जगह से पानी निकासी का प्लान जल्द बनाकर देने को कहा है। इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) प्रोजेक्ट ए.के. अरोड़ा, डीजीएम सीके त्रिपाठी व वरिष्ठ प्रबंधक कपिल देव सिंह ने भी पौधे लगाए।