-प्रशासन एवं विभिन्न संस्थाओं ने लिए क्षय रोग ग्रस्त 1236 बच्चे
गाजियाबाद। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा क्षय रोग से ग्रस्त उपचाराधीन 2 बच्चो को भावनात्मक और सामाजिक सहयोग के लिए गोद लेकर पुष्टाहार दिया गया। राज्यपाल द्वारा प्रदेश के सभी अधिकारियों व स्वयसेवी संस्थाओ से अपील की गई है कि वे क्षय रोग से ग्रसित बच्चो को सामाजिक एवं भावनात्मक सहयोग के लिए गोद लेने के लिए आगे आये ताकि पीडि़त बच्चों को उपचार की अवधि के दौरान उचित आहार एवं भावनात्मक समर्थन प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कोई भी व्यक्ति या संस्था टीबी से ग्रस्त बच्चों को गोद लेकर उनकी देखभाल में अपना योगदान दे सकती है। दरअसल, टीबी का खात्मा करने के लिए समय पर जांच व पुष्टि के बाद उपचार बेदह जरूरी है। यदि किसी कारणवश इलाज बीच में छूट जाए तो गंभीर टीबी हो जाती है, जो जानलेवा है। बच्चों को गोद लेने का मतलब अभिभावक की तरह उसके इलाज पर ध्यान देना जरूरी है। यह तभी संभव होगा, जब हम क्षय रोग से ग्रसित बच्चो को गोद लें। 
इसी क्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जनपद मे कार्यरत विभिन्न संस्थाओं, संगठनो व अधिकारियों द्वारा कुल 1236 क्षय रोग ग्रस्त बच्चो को उपचार अवधि के लिए गोद लिया गया है, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा 2 बच्चे, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल द्वारा 2 बच्चे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास द्वारा 2 बच्चे, अपर जिलाधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव द्वारा 2 बच्चे, अपर जिलाधिकारी श्याम अवध चौहान द्वारा 2 बच्चे, नगर मजिस्ट्रेट विपिन कुमार द्वारा 2 बच्चे, एसडीएम लोनी व मोदीनगर द्वारा 2-2 बच्चो को, तीनो जिला चिकित्सालयों के सीएमएस द्वारा 2-2 बच्चों, उप जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा 2 बच्चे, इसके अतिरिक्त केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा 493 बच्चों, रोटरी क्लब द्वारा 474 बच्चों, रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद द्वारा 94 बच्चों, व्यापार मंडल के अजय गुप्ता द्वारा 49 बच्चों, आईएमड़ीटी संस्था द्वारा 39 बच्चों, अमान डिस्पेंसरी लोनी द्वारा 25 बच्चों, सतमोला ग्रुप के सीएमडी अनिल मित्तल द्वारा 12 बच्चों व अन्य अधिकारियों द्वारा 50 बच्चो को गोद लिया गया है। इस सराहनीय कार्य के लिए जिला क्षय रोग अधिकारी डा आरके यादव ने सभी को सहयोग के लिए आभार व्यक्त कर कहां कि टीबी अब लाइलाज नहीं है। इसकी शुरुआती पहचान करा ली जाए और उचित इलाज शुरू किया जाए तो यह ठीक हो जाती है। कोविड 19 के मामले की तरह ही इस बीमारी को असाध्य मान लेने या छिपाने से बड़ी तबाही मच सकती है। देश को टीबी मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूर्ण करने के लिए हम सभी को पूर्ण सामर्थ्य से कार्य करने की वचनबद्धता को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों का इस कार्य मे सहयोग एवं समर्थन की आवश्यकता है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भावतोष शंखधार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ आर के यादव तथा अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।















