-सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर दिया जोर
गाजियाबाद। जिले के रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों के साथ गुरूवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बैठक करते हुए कहा कि जिले में रेडक्रॉस सोसायटी अपने सदस्यों की संख्या बढ़ाए। वहीं, कोविड एवं नॉन कोविड में अपने माता-पिता एवं दोनों की मृत्यु के कारण अनाथ हुए बच्चों को 25 हजार रुपए की एफडी कराई जाए। गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सीडीओ अस्मिता लाल, सीएमओ डॉ.भवतोष शंखधर, रेडक्रॉस सोसायटी की सचिव किरन गर्ग आदि की मौजूदगी में बैठक की।
जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी को पीडि़त मानवता की सेवा में निरंतर प्रयासरत होना चाहिए। रेडक्रॉस के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने रेडक्रॉस सोसाइटी को बीमारी की दशा में जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की नई कार्यकारिणी गठित करने के लिए सभी सदस्यों को सूचित करने और कार्य कारिणी के चुनाव कराने के लिए जरूरी कार्रवाई करने को सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर को निर्देश दिए।
रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यकारिणी के सदस्यों से रेडक्रॉस के लिए धन जुटाने की ओर प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं, सोसाइटी संभ्रांत लोगों, समाजसेवी, व्यापारी संगठनों, औद्योगिक संगठनों, डायग्नोस्टिक सेंटर, आईएमए, सरकारी विभागों आदि में संपर्क कर अपने सदस्यों की संख्या बढ़ाए। ताकि रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से किए जाने वाले सामाजिक कार्यों के लिए फंड जुटाने के साथ-साथ उन्हें भी सामाजिक कार्यों से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने सचिव रेडक्रॉस सोसाइटी किरन गर्ग को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन गांवों,कस्बों में गोल्डन कार्ड बनाने की कार्रवाई नहीं हो पाई हैं। वहां पर रेडक्रॉस सोसाइटी आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बनवाकर उन्हें जोडऩे का प्रयास करें। ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके। उन्होंने कोविड एवं नॉन कोविड में अपने माता-पिता दोनों की मृत्यु के कारण अनाथ बच्चों को 2500 रुपए की एफडी कराने के लिए सचिव को निर्देश दिए। जिले के विभिन्न ब्लड गु्रप के लोगोंं की पहचान की जाए। ब्लड़ डोनेशन कैंप लगाए जाएं। ताकि आवश्यकता पडऩे पर संबंधित ब्लड़ गु्रप के व्यक्ति से संपर्क कर जरूरतमंद को ब्लड़ उपलब्ध कराया जा सके। प्राथमिक चिकित्सा के लिए भी बड़ी जगहों स्कूल, कॉलेज, मॉल आदि पर कैंप लगाकर लोगों को प्रेरित करें।















