वार्ड बॉय और एएनएम का रिश्तेदार रंगेहाथों गिरफ्तार
नोएडा। नोएडा में अवैध तरीके से वैक्सीनेशन और रकम वसूली का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने इस प्रकरण में गाजियाबाद के वार्ड बॉय और एएनएम के देवर को दबोचा है। एएनएम ने वैक्सीन चोरी कर आरोपियों को दी थी। बाद में दोनों आरोपी गलत तरीके से टीकाकरण कर अवैध वसूली कर रहे थे। नोएडा ईकोटेक-3 क्षेत्र के खेड़ा चौगानपुर गांव में यह मामला पकड़ा गया है।
थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार के मुताबिक इस संबंध में बिसरख प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिंद्र कुमार मिश्रा की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डॉ. सचिंद्र ने पुलिस को अवगत कराया कि खेड़ा चौगानपुर गांव में अवैध तरीके से कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीकाकरण का काम चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां पर छापा मारा। मौके से सुशील कुमार और रवि कुमार को दबोचा गया। पुलिस पूछताछ में सुशील कुमार ने चौकाने वाली जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सुशील गाजियाबाद के स्वास्थ्य विभाग में वार्ड बॉय है।
संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक एएनएम (सहायक नर्स) ने बुद्ध विहार में नागरिकों के टीकाकरण के लिए लाए गए टीके चोरी कर लिए थे। यह टीके सुशील व रवि को दे दिए गए। आरोपी रवि एएनएम का देवर है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी खेड़ा चौगानपुर में वैक्सीनेशन के नाम पर प्रत्येक नागरिक से 250 रुपए वसूल रहे थे। आरोपियों ने बड़ी संख्या में नागरिकों को वैक्सीन लगाई थी। इसकी एवज में रकम की वसूली भी की गई थी। आरोपियों के पास से पुलिस ने काफी संख्या में वैक्सीन भी बरामद की है।















