प्रदर्शनी में गोबर से तैयार उत्पादों को जमकर सराहा गया
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा प्लास्टिक टूरिज्म, बायो-फाइटोरीमेडिएशन, गार्बेज फैक्ट्री और गोबर से तैयार प्रोडक्ट को लखनऊ में खूब प्रशंसा मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देश के कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर निगम ने प्रयासों को सराहा है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित अमृत महोत्सव के क्रम में 3 दिवसीय प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
प्रदर्शनी में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा प्लास्टिक टूरिज्म, बायो-फाइटोरीमेडिएशन, गार्बेज फैक्ट्री और गोबर से तैयार प्रोडेक्ट का भी प्रदर्शन किया गया। इन उत्पादों का पीएम मोदी और सीएम योगी के अलावा देश के कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने अवलोकन किया था। कई अधिकारियों ने गोबर से तैयार प्रोडेक्ट की जमकर प्रशंसा की। मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने प्रदर्शनी में आए अतिथियों को नगर निगम की इन योजनाओं के विषय में विस्तार से अवगत कराया गया।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विपिन कुमार झा, रूपा मिश्रा और डॉ. रमाकांत आदि ने भी नगर निगम के कदमों की सराहना की। गाजियाबाद नगर निगम की गार्बेज फैक्ट्री के मॉडल में भी अधिकारियों ने दिलचस्पी दिखाई। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, जोनल प्रभारी नैंसी गुप्ता और धीरेंद्र कुमार ने प्रदर्शनी में बेहतर प्रेजेंटेशन दिया।
वेस्ट प्लास्टिक का बेहतर इस्तेमाल
नगर निगम ने गाजियाबाद शहर में वेस्ट प्लास्टिक का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में कामयाबी हासिल की है। वेस्ट प्लास्टिक का उपयोग सड़क निर्माण के अलावा खूबसूरत मॉडल तैयार करने में किया गया है। प्लास्टिक से बनाए गए मॉडल जगह-जगह शहर की शोभा बढ़ा रहे हैं। ऐसा कर नगर निगम ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। पहला वेस्ट प्लास्टिक की समस्या से निपटना और दूसरा प्लास्टिक का प्रयोग कर सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना।
कमाल की गार्बेज फैक्ट्री
नगर निगम ने गार्बेज फैक्ट्री स्थापित की है। जहां शहर का कूड़ा-कचरा एकत्र किया जाता है। इस कचरे का बेहतर ढंग से निस्तारण किया जा रहा है। गार्बेज फैक्ट्री में सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग कर निस्तारित करने की व्यवस्था है। कुछ दिन पहले नगर निगम ने स्कूली विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और घरेलू कचरे का निस्तारण करने के मकसद से गार्बेज फैक्ट्री का दौरा कराया था।















