गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक नवदीप राणा ने रोडवेज एवं अनुबंधित बसों में साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को साफ-सुथरी बसों में सफर कराया जाएगा। इस मामले में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। प्रबंध निदेशक नवदीप राणा शनिवार को कौशाम्बी डिपो पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आईएसबीटी दिल्ली, आनंद विहार, कौशाम्बी बस अड्डे से रोडवेज बसों के संचालन के संबंध में समीक्षा बैठक की। प्रबंध निदेशक नवदीप रिणवा ने गाजियाबाद रीजन के आरएम अखिलेश कुमार सिंह,आरएम नोएडा विजय कुमार,सेवा प्रबंधक एमके सिंह, सेवा प्रबंधक नोएडा गौरव पांडेय, एआरएम कार्मिक श्रीमति शरद सिंह,एआरएम वित्त बीएल मिश्रा,सहायक वित्त अधिकारी विक्रांत पंवार,एई प्रमोद कुमार,एआरएम अजमेरी गेट दिल्ली विनय कुमार,संजीव कुमार आदि की मौजूदगी में बैठक की।
प्रबंध निदेशक ने आरएम अखिलेश कुमार सिंह आदि अधिकारियों के साथ आईएसबीटी आनंद विहार दिल्ली व कौशांबी बस अड्डे से यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए वेटिंग रूम,पूछताछ कक्ष, शौचालयों, साफ-सफाई व्यवस्था एवं बसों में सैनिटाइजेशन आदि को लेकर मौके पर जाकर निरीक्षण किया। वहीं, बस अड्उे पर यात्रियों से भी रोडवेज बसों की सुविधा को लेकर भी जानकारी ली गई। बसों पर तैनात चालक-परिचालकों का फीडबैक भी लिया। बसों में चालक एवं परिचालक का कैसा व्यवहार एवं सुविधाओं की जानकारी भी ली।
प्रबंध निदेशक नवदीप ने रोडवेज अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बस अड्डे पर यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर तरीके से साफ-सफाई रखी जाए। वहीं,प्रत्येक बस को सैनिटाइजेशन करने के बाद ही यात्रियों को बसों में बैठाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बसों में यात्रियों को सफर के दौरान कोई दिक्कत न हो। इसलिए व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए। प्रबंध निदेशक ने कौशांबी डिपो कार्यशाला में बसों के मेंटीनेंस के कार्यों की भी समीक्षा की। आरएम कार्यालय कौशांबी से बसों के संचालन एवं व्यवस्था को लेकर समीक्षा करने के बाद दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद प्रबंध निदेशक ने रोडवेज अधिकारियों के साथ आरएम कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
















