नगर निगम के दिवंगत कर्मचारी नेता की होर्डिंग पर मचा बवाल, विरोध के बाद होर्डिंग हटाया

-कर्मचारियों की आपत्ति के बाद हटवाया गया होर्डिंग

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में दिवंगत कर्मचारी नेता की पुण्यतिथि पर होर्डिंग लगाए जाने पर एकाएक विवाद उभर आया है। दिवंगत कर्मचारी के भाई द्वारा यह होर्डिंग लगवाया गया था। बाहरी व्यक्ति द्वारा होर्डिंग लगवाए जाने पर विभागीय कर्मचारियों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। बाहरी व्यक्तियों पर नगर निगम की राजनीति करने का आरोप मढ़ा गया। विवाद बढ़ने पर शनिवार को यह होर्डिंग हटवा दिया गया। हालाकि यह मुद्दा विभाग में चर्चाओं के केंद्र में है।

नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरिंद्र नागर की सालभर पहले मौत हो गई थी। नागर की पुण्यतिथि के मद्देनजर शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में भव्य होर्डिंग लगवा दिया गया था। यह होर्डिंग दिवंगत कर्मचारी हरिंद्र नागर के भाई पवी गुर्जर द्वारा लगवाए जाने की बात कही जा रही है। होर्डिंग पर पवी गुर्जर का फोटो भी लगा था। इस पर नगर निगम के कर्मचारियों ने आपत्ति जाहिर कर दी। उन्होंने कहा कि पवी गुर्जर बाहरी व्यक्ति हैं। उन्हें इस तरह बगैर अनुमति के निगम कार्यालय परिसर में होर्डिंग नहीं लगवाना चाहिए था।

यह निगम में राजनीति करने जैसा है। दरअसल होर्डिंग में विभागीय कर्मचारियों की राजनीति से संबंधी कुछ बातें भी लिखी गई थीं। हालाकि कर्मचारी यूनियन का इस मुद्दे पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया। इससे कर्मचारियों में यूनियन के प्रति भी नाराजगी दिखी। यह मुद्दा गरमाने पर नगर निगम के अधिकारियों को इस पर संज्ञान लेना पड़ा। अधिकारियों के हस्तक्षेप पर शनिवार को अंतत: नगर निगम मुख्यालय से होर्डिंग को हटवा दिया गया। बता दें कि विगत 17 अक्टूबर 2020 में हरिंद्र नागर का आकस्मिक निधन हो गया था। वह लंबे समय तक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रहे थे। रविवार को हरिंद्र की पहली पुण्यतिथि है। पहली पुण्यतिथि से 2 दिन पहले उनकी स्मृति में होर्डिंग लगवाया गया था, मगर यह होर्डिंग विवादों में घिर गया। बताया गया है कि हरिंद्र की पुण्यतिथि पर नगर निगम में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी थी।